नई दिल्ली: Skoda Epiq के जरिए स्कोडा ने इलेक्ट्रिक कार बाजार में बड़ा दांव खेल दिया है। कंपनी ने अपनी अब तक की सबसे किफायती इलेक्ट्रिक SUV से पर्दा उठा दिया है, जो एंट्री-लेवल EV सेगमेंट में आएगी। यह नई पीढ़ी के MEB+ प्लेटफॉर्म पर तैयार की गई है और कॉम्पैक्ट साइज के बावजूद लंबी रेंज, प्रीमियम फीचर्स और ज्यादा स्पेस का दावा करती है। कॉम्पैक्ट साइज में आने वाली यह SUV लंबी रेंज, लग्जरी इंटीरियर, ADAS सेफ्टी और One-Pedal Driving जैसे फीचर्स से लैस है। नई Epiq एक बार चार्ज होने पर 440 किलोमीटर तक चलने का दावा करती है। इसमें 13 इंच की बड़ी स्क्रीन से लेकर प्रीमियम केबिन तक कई एडवांस फीचर्स दिए गए हैं।
नई Epiq स्कोडा की पहली प्रोडक्शन SUV है जिसमें कंपनी की नई Modern Solid डिजाइन लैंग्वेज देखने को मिलती है। इसके फ्रंट में पारंपरिक ग्रिल की जगह ब्लैक फिनिश वाला Tech Deck Face दिया गया है। दोनों ओर टी-शेप LED लाइटिंग एलिमेंट्स लगाए गए हैं। कम हवा प्रतिरोध के लिए इसका डिजाइन खास तरीके से तैयार किया गया है, जिससे बैटरी की एफिशिएंसी बेहतर होती है और ड्राइविंग रेंज बढ़ाने में मदद मिलती है।
साइज के लिहाज से यह कॉम्पैक्ट SUV जरूर है, लेकिन स्पेस के मामले में काफी दमदार दिखती है। इसमें बड़ा बूट स्पेस और अतिरिक्त फ्रंट स्टोरेज दिया गया है, जिससे रोजमर्रा के इस्तेमाल के साथ लंबी यात्राओं में भी सामान रखने की अच्छी सुविधा मिलेगी। केबिन को भी मॉडर्न और पर्यावरण के अनुकूल बनाया गया है। अलग-अलग इंटीरियर थीम और एम्बिएंट लाइटिंग इसे ज्यादा आकर्षक बनाते हैं। फीचर्स के मामले में भी Epiq काफी एडवांस नजर आती है। बड़ी टचस्क्रीन, Google ऐप्स सपोर्ट, वायरलेस चार्जिंग, पैनोरमिक सनरूफ, कनेक्टेड टेक्नोलॉजी और डिजिटल की जैसे फीचर्स इसे सिर्फ एंट्री-लेवल EV नहीं, बल्कि प्रीमियम इलेक्ट्रिक SUV का अहसास देते हैं।
Skoda Epiq को तीन वेरिएंट और दो बैटरी पैक विकल्पों में पेश किया जाएगा। शुरुआती Epiq 35 में 38.5kWh बैटरी के साथ 114bhp और 267Nm टॉर्क मिलेगा, जबकि Epiq 40 में इसी बैटरी के साथ 133bhp पावर आउटपुट दिया गया है। Epiq 55 वेरिएंट में 55kWh बैटरी पैक और फ्रंट-माउंटेड इलेक्ट्रिक मोटर दी गई है, जो 208bhp पावर और 290Nm टॉर्क जनरेट करती है। One-Pedal Driving फीचर भी दिया गया है। B मोड में ड्राइवर सिर्फ एक्सेलरेटर पेडल के जरिए गाड़ी को तेज और धीमा कर सकता है।
