58.90 लाख में Mini Cooper की खास कार लॉन्च, इंडिया में केवल 30 लोगों को मिलेगी

नई दिल्ली: ब्रिटिश लग्जरी कार ब्रांड MINI ने इंडियन मार्केट में अपनी नई और बेहद खास Mini Cooper S GP Inspired Edition लॉन्च कर दी है। कंपनी ने इसकी शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 58.90 लाख रुपये रखी है। यह कार लिमिटेड एडिशन है। पूरे इंडिया के लिए इसकी सिर्फ 30 यूनिट्स ही उपलब्ध होंगी। यह मॉडल चुनिंदा ग्राहकों तक ही पहुंचेगा।

कंपनी ने इसी महीने की शुरुआत में इसकी प्री-बुकिंग भी शुरू कर दी थी। यह कार सिर्फ 6.6 सेकेंड में 0 से 100 किमी प्रति घंटा की स्पीड पकड़ सकती है। नई Mini Cooper S GP Inspired Edition को स्टैंडर्ड Cooper S और JCW Pack वेरिएंट से ऊपर पोजिशन किया गया है। कार के फ्रंट और रियर बंपर को नया डिजाइन दिया गया है, जबकि फ्रंट ग्रिल, साइड स्कर्ट्स और रूफ स्पॉइलर को भी ज्यादा अग्रेसिव लुक के साथ पेश किया गया है।

इस स्पेशल एडिशन की सबसे खास पहचान इसका ‘1 of 30’ बैज है, जो C-पिलर पर लगाया गया है। इंडिया में इसकी सिर्फ 30 यूनिट्स ही मौजूद होंगी। इसके अलावा कार में 17 इंच के ब्लैक अलॉय व्हील्स दिए गए हैं, जो इसके स्पोर्टी कैरेक्टर को और मजबूत बनाते हैं।

Mini ने इस कार में GP इंस्पायर्ड डिजाइन एलिमेंट्स भी जोड़े हैं, जिससे इसका लुक और ज्यादा रेसिंग स्टाइल वाला नजर आता है। इसमें रियर डिफ्यूजर, बोनट स्ट्राइप्स, इल्यूमिनेटेड डोर सिल्स और फ्रंट व साइड विंगलेट्स दिए गए हैं। कंपनी इस एडिशन को खास Legend Grey कलर में पेश कर रही है, जिसमें Chilli Red रूफ और मिरर कैप्स दिए गए हैं। ग्रे और रेड का यह कॉम्बिनेशन कार को सड़क पर अलग पहचान देता है।

इंटीरियर में JCW स्पेसिफिक स्टीयरिंग व्हील दिया गया है, जबकि स्पोर्ट सीट्स पर रेड एक्सेंट दिए गए हैं, जो इसे प्रीमियम और परफॉर्मेंस-ओरिएंटेड फील देते हैं। फीचर्स के मामले में भी Mini ने इस लिमिटेड एडिशन को पूरी तरह लोडेड रखा है। कार में Level-1 ADAS दिया गया है, जिससे ड्राइविंग के दौरान अतिरिक्त सुरक्षा मिलती है। HUD (हेड-अप डिस्प्ले), पैनोरमिक सनरूफ, पावर्ड ड्राइवर सीट, वायरलेस चार्जिंग और 9.4 इंच की गोल टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट यूनिट जैसे फीचर्स भी मिलते हैं। यह डिस्प्ले Mini के सिग्नेचर डिजाइन का हिस्सा मानी जाती है। नई Mini Cooper S GP Inspired Edition में 2.0 लीटर टर्बो पेट्रोल इंजन दिया गया है । यह इंजन 201bhp की पावर और 300Nm का टॉर्क जनरेट करता है।