जून से महंगी होंगी Triumph की बाइक्स, 10 हजार तक बढ़ सकते हैं दाम

नई दिल्ली: इंडिया में Triumph मोटरसाइकिल खरीदने की योजना बना रहे ग्राहकों को जून की शुरुआत में बड़ा झटका लग सकता है। कंपनी की लोकप्रिय 400 सीरीज मोटरसाइकिलें अगले महीने से महंगी हो सकती हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, 1 जून 2026 से Triumph अपनी 350cc आधारित 400 रेंज की कीमतों में बढ़ोतरी कर सकती है।

मुंबई की एक डीलरशिप के सोशल मीडिया पर दिए गए संकेतों के अनुसार बाइक की कीमतों में 5,000 रुपये से 10,000 रुपये तक बढ़ोतरी हो सकती है। यह बढ़ोतरी मॉडल के हिसाब से अलग-अलग रहने की संभावना है। जिन बाइक्स पर असर पड़ सकता है, उनमें Triumph Speed T4, Speed 400, Scrambler 400 X, Scrambler 400 XC और Thruxton 400 शामिल हैं। इसी साल ट्रायम्फ ने अपनी 400 रेंज में बड़ा बदलाव किया था। कंपनी ने इन बाइक्स में नया 350cc इंजन प्लेटफॉर्म पेश किया था ताकि इन्हें 18 प्रतिशत GST स्लैब का लाभ मिल सके। इस फैसले के बाद कंपनी ने कई मॉडल्स की कीमतों में कटौती की थी, जिससे ग्राहकों को सीधा फायदा मिला था।

इस बदलाव के बाद Triumph Scrambler 400 और Triumph Thruxton 400 की कीमतों में लगभग 11,000 रुपये तक की कमी की गई थी। Speed 400 भी पहले की तुलना में सस्ती हुई थी। हालांकि लाइनअप की सबसे किफायती बाइक Speed T4 की कीमत में उस समय कोई कटौती नहीं की गई थी और इसकी एक्स-शोरूम कीमत 1.95 लाख रुपये पर ही रखी गई थी।

Triumph की 400 सीरीज इंडियन मार्केट में कंपनी की सबसे महत्वपूर्ण लाइनअप मानी जाती है। इन बाइक्स ने प्रीमियम मिड-साइज सेगमेंट में अच्छी पकड़ बनाई है और Bajaj के साथ साझेदारी के बाद इनकी बिक्री में भी तेजी आई है। Speed T4 को एंट्री-लेवल रेट्रो रोडस्टर के रूप में पेश किया गया है, जबकि Scrambler 400 X एडवेंचर और ऑफ-रोडिंग पसंद करने वाले ग्राहकों को टारगेट करती है। वहीं Thruxton 400 कैफे-रेसर डिजाइन और प्रीमियम स्टाइलिंग के कारण चर्चा में रही है। अगर आप Triumph की इन बाइक्स को खरीदने की योजना बना रहे हैं, तो 1 जून से पहले बुकिंग कराना फायदेमंद साबित हो सकता है।