Mercedes इलेक्ट्रिक G-Class में तकनीकी गड़बड़ी : 99 गाड़ियां कंपनी ने वापस मंगाई, होगी फ्री जांच

नई दिल्ली: लग्जरी इलेक्ट्रिक SUV सेगमेंट में बड़ी हलचल मच गई है। करोड़ों रुपये कीमत वाली Mercedes-Benz की दमदार इलेक्ट्रिक G-Class अब रिकॉल के दायरे में आ गई है। कंपनी ने भारत में बिक चुकी 99 यूनिट्स को वापस मंगाने का फैसला किया है। इनमें व्हील बोल्ट से जुड़ी संभावित तकनीकी गड़बड़ी सामने आई है। यह खामी आगे चलकर गाड़ी की स्टेबिलिटी और सुरक्षा पर असर डाल सकती है, इसलिए कंपनी ने एहतियातन यह कदम उठाया है। कंपनी प्रभावित गाड़ियों की फ्री जांच करेगी और जरूरत पड़ने पर जरूरी पार्ट्स भी बदले जाएंगे। रिकॉल का यह अलर्ट भारत में बिकीं 99 इलेक्ट्रिक G-Class यूनिट्स पर लागू है। इनमें वे गाड़ियां शामिल हैं, जिनका निर्माण 12 जुलाई 2024 से 18 अगस्त 2025 के बीच हुआ था।

कार के पहियों को मजबूती से पकड़कर रखने का काम व्हील बोल्ट करते हैं। Mercedes-Benz को आशंका है कि कुछ गाड़ियों में लगे ये बोल्ट कंपनी के तय मानकों के मुताबिक नहीं हो सकते। ऐसे में लंबे समय तक इस्तेमाल के दौरान इनके धीरे-धीरे ढीला पड़ने का खतरा है। अगर व्हील बोल्ट ढीले पड़ते हैं तो पहियों की पकड़ कमजोर हो सकती है। इसका असर सीधे गाड़ी की स्थिरता और कंट्रोल पर पड़ सकता है। गंभीर स्थिति में यह ड्राइविंग के दौरान सुरक्षा जोखिम भी पैदा कर सकता है और दुर्घटना की संभावना बढ़ सकती है।

अब कंपनी प्रभावित ग्राहकों से संपर्क करेगी और अधिकृत डीलरशिप पर गाड़ियों की जांच होगी। वहां व्हील बोल्ट असेंबली की जांच की जाएगी और जरूरत पड़ने पर पार्ट्स बदले जाएंगे। ग्राहकों से इसके लिए कोई अतिरिक्त शुल्क नहीं लिया जाएगा। G 580 with EQ Technology Mercedes-Benz की फ्लैगशिप इलेक्ट्रिक ऑफ-रोड SUV है, जिसकी कीमत भारत में करीब 3.10 करोड़ रुपये (एक्स-शोरूम) से शुरू होती है। इसमें 116 kWh बैटरी पैक, करीब 473 किमी की रेंज, चार इलेक्ट्रिक मोटर और 587 hp पावर मिलती है। यह SUV सिर्फ 4.7 सेकंड में 0 से 100 किमी/घंटा की रफ्तार पकड़ सकती है। हाई-परफॉर्मेंस और भारी इलेक्ट्रिक SUV होने की वजह से कंपनी कोई जोखिम नहीं लेना चाहती, इसलिए एहतियात के तौर पर रिकॉल जारी किया गया है।