15 हजार रुपये सस्ती हुई Ultraviolette X-47, अब 2.49 लाख रुपये से शुरू

नई दिल्ली : इलेक्ट्रिक बाइक बाजार में Ultraviolette ने बड़ा दांव खेल दिया है। कंपनी ने अपनी हाई-परफॉर्मेंस X-47 इलेक्ट्रिक बाइक का नया और ज्यादा किफायती बेस वेरिएंट लॉन्च कर दिया है। कीमत कम करने के लिए कंपनी ने कुछ एडवांस रडार टेक्नोलॉजी फीचर्स हटाए हैं, लेकिन स्पीड, रेंज और परफॉर्मेंस से कोई समझौता नहीं करती। 2.8 सेकंड में 60 किमी/घंटा की रफ्तार पकड़ सकती है और एक बार चार्ज पर 211 किमी तक चलने का दावा करती है। इसके दाम की शुरुआत 2.49 लाख रुपये से होती है। नई Ultraviolette X-47 15 हजार रुपये सस्ती हो गई है।

Ultraviolette ने अपनी X-47 इलेक्ट्रिक बाइक का सस्ता वर्जन लॉन्च किया है। कंपनी ने कीमत कम करने के लिए कुछ एडवांस सेफ्टी टेक्नोलॉजी हटाई हैं, लेकिन बाइक की स्पीड, बैटरी और रेंज पहले जैसी ही रखी है। सबसे बड़ा बदलाव Hypersense Radar System हटाने का है। पहले यह सिस्टम सभी X-47 मॉडल में मिलता था। यह सड़क पर आसपास की गतिविधियों पर नजर रखने में मदद करता था। इसमें ब्लाइंड स्पॉट डिटेक्शन (पीछे या साइड में वाहन होने की जानकारी), रियर कोलिजन वार्निंग (पीछे से टक्कर का अलर्ट), लेन चेंज असिस्ट और ओवरटेक अलर्ट जैसे फीचर थे। इन्हें हटाकर कंपनी बाइक की कीमत करीब 15 हजार रुपये कम करने में सफल रही।

कंपनी ने परफॉर्मेंस में कोई कटौती नहीं की। सस्ती होने के बावजूद बाइक पहले जैसी ताकतवर रहेगी। इसमें वही 27kW मोटर और 7.1kWh बैटरी मिलेगी। यह बाइक सिर्फ 2.8 सेकंड में 0 से 60 किमी/घंटा की रफ्तार पकड़ सकती है और इसकी टॉप स्पीड 145 किमी/घंटा है। रेंज भी नहीं घटी है। कंपनी का दावा है कि बाइक एक बार चार्ज पर 211 किमी तक चल सकती है, इसलिए रोजाना इस्तेमाल और लंबी राइड दोनों के लिए उपयोगी हो सकती है।

फीचर्स में भी ज्यादा कटौती नहीं हुई। बेस मॉडल में अभी भी डुअल-चैनल ABS, डायनामिक स्टेबिलिटी कंट्रोल, हिल-होल्ड असिस्ट और पार्क असिस्ट जैसे फीचर मिलेंगे। साथ ही Glide, Combat और Ballistic तीन राइडिंग मोड भी दिए गए हैं। Bluetooth और Wi-Fi कनेक्टिविटी भी बनी रहेगी। नई ट्रिम आने के बाद अब Ultraviolette X-47 लाइनअप में कुल 6 वेरिएंट हो गए हैं। इनकी कीमत 2.49 लाख रुपये से शुरू होकर 3.09 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) तक जाती है। यानी अब ग्राहकों को कम कीमत में भी X-47 का परफॉर्मेंस पैकेज मिल सकेगा।