Nvidia के बाद 5 ट्रिलियन डॉलर का मार्केट कैप हासिल करने वाली दूसरी कंपनी बनी Apple
Tim Cook के 15 साल के कार्यकाल में 13 गुना बढ़ी कंपनी की बाजार वैल्यू
• iPhone, AirPods और Apple Watch के दम पर कंपनी ने हासिल किया मुकाम
Apple के शेयरों में 25% की छलांग, महंगे कंपोनेंट्स के बावजूद निवेशकों को कंपनी पर भरोसा
• Apple और OpenAI के बीच बढ़ी तकनीकी जंग, 5 ट्रिलियन डॉलर की वैल्यू के बाद नई चुनौती
टेक्नोलॉजी की दुनिया में Apple ने एक ऐसा मुकाम हासिल किया है, जहां पहुंचना दुनिया की चुनिंदा कंपनियों के लिए ही संभव हुआ है। iPhone बनाने वाली दिग्गज कंपनी Apple का मार्केट कैपिटलाइजेशन 5 ट्रिलियन डॉलर के पार पहुंच गया है। कंपनी Nvidia के बाद इस ऐतिहासिक स्तर पर पहुंचने वाली दूसरी कंपनी बन गई है। Wall Street Journal की रिपोर्ट के मुताबिक, Apple का मार्केट कैप एक कारोबारी सत्र के अंत में करीब 5.005 ट्रिलियन डॉलर रहा। इस उपलब्धि का सबसे बड़ा संदेश यह है कि हार्डवेयर की बढ़ती लागत, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) में प्रतिस्पर्धा और कारोबार की धीमी ग्रोथ के बावजूद निवेशकों को Apple के बिजनेस मॉडल और iPhone के भविष्य पर भरोसा है।
Apple के सामने इस समय एक बड़ी चुनौती मेमोरी और स्टोरेज चिप्स की बढ़ती कीमतें हैं। AI डेटा सेंटर की बढ़ती मांग के कारण इन कंपोनेंट्स की उपलब्धता पर दबाव पड़ा है। इसका असर iPhone, Mac और iPad जैसे डिवाइस की लागत पर पड़ रहा है।
रिपोर्ट के मुताबिक, कीमतों में बढ़ोतरी के शुरुआती दौर के बाद Apple के शेयर करीब 25 फीसदी चढ़े। Apple की इस उपलब्धि के पीछे पूर्व CEO Tim Cook के लंबे कार्यकाल की भूमिका भी अहम रही है। रिपोर्ट के अनुसार, उनके 15 साल के नेतृत्व में कंपनी का मार्केट कैप करीब 13 गुना बढ़ा। इस दौरान Apple की सालाना iPhone बिक्री लगभग चार गुना हो गई।
कंपनी का सर्विस कारोबार भी करीब 10 अरब डॉलर सालाना से बढ़कर 100 अरब डॉलर से अधिक हो गया। Apple Watch और AirPods जैसे प्रोडक्ट्स ने भी कंपनी की कमाई में महत्वपूर्ण योगदान दिया। दोनों प्रोडक्ट श्रेणियों से संयुक्त रूप से सालाना 30 अरब डॉलर से ज्यादा का कारोबार होता है। Apple ने शेयर बायबैक और डिविडेंड के जरिए निवेशकों को 1 ट्रिलियन डॉलर से अधिक की रकम भी लौटाई है।
5 ट्रिलियन डॉलर के मुकाम के बावजूद Apple के सामने AI की चुनौती कम नहीं हुई है। कंपनी को अपने AI मॉडल और Siri की क्षमताओं को लेकर प्रतिस्पर्धियों से पीछे माना जा रहा है। Apple के लिए एक और चुनौती OpenAI से मिल रही है। रिपोर्ट के मुताबिक, OpenAI AI आधारित डिवाइस की एक नई श्रृंखला पर काम कर रही है और Apple के कई कर्मचारियों को अपनी हार्डवेयर रणनीति से जोड़ चुकी है। Apple ने जुलाई में OpenAI के खिलाफ ट्रेड सीक्रेट्स चुराने का आरोप लगाते हुए मुकदमा दायर किया था।
