SCOOTER या छोटी CAR? : BMW का गजब का सेल्फ बैलेंसिंग E-स्कूटर! अब गिरने का डर नहीं

SCOOTER या छोटी CAR? : BMW का गजब का सेल्फ बैलेंसिंग E-स्कूटर! अब गिरने का डर नहीं

• भारत में डिजाइन पेटेंट, ट्रैफिक सिग्नल पर पैर जमीन पर रखने की जरूरत नहीं!, बिना पैर टिकाए रुकेगा स्कूटर

• स्कूटर में कार जैसी सुरक्षा, चार-पॉइंट सीटबेल्ट ने खींचा ध्यान

• BMW Vision CE में मिलेगी खुद संतुलन बनाने वाली तकनीक

• BMW के इलेक्ट्रिक स्कूटर में स्टैंड के बिना बैलेंस, 8.5 kWh बैटरी और 130 किमी रेंज का आधार

BMW Motorrad ने अपने अनोखे इलेक्ट्रिक स्कूटर Vision CE का डिजाइन भारत में पेटेंट कराया है। कंपनी इस स्कूटर को भारतीय बाजार में उतारने की संभावनाएं तलाश रही है। इसकी सबसे बड़ी खासियत सेल्फ-बैलेंसिंग तकनीक है। स्कूटर रुकने पर भी खुद को सीधा रख सकेगा और चालक को ट्रैफिक सिग्नल पर पैर जमीन पर टिकाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। इसमें चार-पॉइंट सीटबेल्ट, मजबूत ट्यूबलर स्टील फ्रेम और सुरक्षा के लिए खास कुशनिंग जैसे फीचर्स दिए गए हैं। पीछे से आने वाले वाहनों का पता लगाने के लिए रडार तकनीक भी मिलने की संभावना है। इसके तकनीकी आधार के तौर पर BMW CE 04 को देखा जा रहा है, जिसमें 8.5 kWh की बैटरी, 42 hp की मोटर और करीब 130 किलोमीटर की रेंज मिलती है।
BMW Vision CE को सामान्य इलेक्ट्रिक स्कूटर से बिल्कुल अलग बनाने की कोशिश की गई है। इसमें सेंसर और इलेक्ट्रिक एक्ट्यूएटर की मदद से सेल्फ-बैलेंसिंग सिस्टम काम करेगा। यह तकनीक स्कूटर को स्थिर अवस्था में भी संतुलित रखने के लिए तैयार की गई है। इससे ट्रैफिक सिग्नल पर रुकने या धीमी गति से चलने के दौरान चालक को संतुलन बनाने में कम मेहनत करनी पड़ सकती है। स्कूटर को लंबे समय तक पार्क करने के लिए स्टैंड भी दिया गया है। Vision CE में सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया गया है। इसके सामने ट्यूबलर स्टील फ्रेम दिया गया है, जो चालक के पैरों और निचले हिस्से को सुरक्षा देने के उद्देश्य से तैयार किया गया है। इसके चारों ओर मजबूत सुरक्षा ढांचा है। सीट पर चालक को स्थिर रखने के लिए चार-पॉइंट सीटबेल्ट दी गई है। फ्रेम, बैकरेस्ट और हैंडलबार के कुछ हिस्सों में फोम कुशनिंग भी दी गई है, ताकि टक्कर की स्थिति में चोट का खतरा कम करने में मदद मिले।
पीछे से आने वाले वाहनों का पता लगाने के लिए रियर-फेसिंग रडार और ड्राइवर-असिस्टेंस तकनीक मिलने की संभावना है। भारत में लागू नियमों के अनुसार हेलमेट पहनना जरूरी होगा। BMW ने Vision CE को पहली बार 2025 में IAA Mobility प्रदर्शनी में पेश किया था। अब भारत में डिजाइन पेटेंट मिलने से इस अनोखे इलेक्ट्रिक स्कूटर को लेकर उत्सुकता बढ़ गई है। लेकिन इसकी लॉन्चिंग और कीमत पर फिलहाल इंतजार करना होगा।