वियतनाम की इलेक्ट्रिक वाहन कंपनी VinFast ने भारत में इलेक्ट्रिक स्कूटर और मोटरसाइकिल कारोबार शुरू करने की तैयारी तेज कर दी है। कंपनी ने देशभर में इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर डीलर पार्टनर्स के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। इच्छुक कारोबारी 15 सितंबर 2026 तक आवेदन कर सकते हैं। यह कदम भारत में VinFast के इलेक्ट्रिक कारों से आगे बढ़कर दोपहिया बाजार में उतरने की तैयारी का संकेत है। कंपनी सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए अपने नए डीलर नेटवर्क से जुड़ने के लिए कारोबारियों को आमंत्रित कर रही है।
VinFast ने तमिलनाडु में इलेक्ट्रिक बस और ई-स्कूटर बनाने की भी योजना बनाई है। इसके लिए कंपनी और तमिलनाडु सरकार के बीच हाल ही में समझौता हुआ है। इसके तहत कंपनी को मौजूदा Thoothukudi प्लांट के पास करीब 200 हेक्टेयर जमीन मिलेगी। कंपनी इस विस्तार के तहत 500 मिलियन डॉलर (करीब ₹4,200 करोड़) का निवेश कर इलेक्ट्रिक बसों और ई-स्कूटर के लिए नई उत्पादन लाइनें और वर्कशॉप विकसित करेगी।
यह विस्तार VinFast की भारत में करीब 2 अरब डॉलर के बड़े निवेश का हिस्सा है। कंपनी के Thoothukudi प्लांट की शुरुआती सालाना उत्पादन क्षमता 50,000 इलेक्ट्रिक वाहनों की है, जिसे बढ़ाकर 1.5 लाख यूनिट सालाना करने की योजना है। डीलरों की तलाश से साफ है कि VinFast अब भारत में अपने इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर कारोबार के लिए रिटेल और डिस्ट्रीब्यूशन नेटवर्क तैयार करने की दिशा में आगे बढ़ रही है। इससे कंपनी के आगामी इलेक्ट्रिक स्कूटर और मोटरसाइकिलों के भारत में लॉन्च की तैयारियों को भी बल मिलता है।
VinFast ने भारत में अपने इलेक्ट्रिक दोपहिया कारोबार के लिए बिक्री और वितरण नेटवर्क तैयार करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। कंपनी की अगली बड़ी चुनौती भारत के तेजी से बढ़ते ई-स्कूटर और इलेक्ट्रिक बाइक बाजार में अपनी जगह बनाना होगी।
ई-कार के बाद Electric Scooter मार्केट में VinFast की दस्तक, डीलरों की तलाश
