नई दिल्ली। इंडियन ऑटो मार्केट में अपनी पकड़ और मजबूत करने के लिए JSW MG Motor India ने बड़ा ऐलान किया है। कंपनी वित्त वर्ष 2026-27 (FY27) में दो नई एनर्जी SUV लॉन्च करेगी। इनमें एक बैटरी इलेक्ट्रिक व्हीकल (EV) और दूसरी प्लग-इन हाइब्रिड इलेक्ट्रिक व्हीकल (PHEV) होगी। इन दोनों मॉडलों को कंपनी के नए ADAPT (Advance Drive Architecture Platform Technology) प्लेटफॉर्म पर तैयार किया जाएगा, जिसे खास तौर पर भारतीय ग्राहकों की जरूरतों को ध्यान में रखकर विकसित किया गया है।
कंपनी के प्रबंध निदेशक अनुराग मेहरोत्रा ने बताया कि इस वित्त वर्ष में लॉन्च होने वाले कई नई मॉडल ADAPT प्लेटफॉर्म आधारित होंगे। शुरुआत SUV से होगी। यह प्लेटफॉर्म कंपनी को बाजार की मांग के अनुसार EV और Plug-in Hybrid दोनों तरह के वाहन तेजी से पेश करने की सुविधा देगा। नई SUV की लंबाई 4.3 मीटर से अधिक होगी। ADAPT प्लेटफॉर्म की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इस पर EV, Hybrid (HEV), Plug-in Hybrid (PHEV) और Range Extender Electric Vehicle (REEV) जैसे चार अलग-अलग पावरट्रेन विकसित किए जा सकते हैं। इससे कंपनी एक ही प्लेटफॉर्म पर कई तरह के वाहन बनाकर लागत और समय दोनों बचा सकेगी।
कंपनी का कहना है कि ADAPT प्लेटफॉर्म 400V और 800V दोनों इलेक्ट्रिकल आर्किटेक्चर को सपोर्ट करता है। भविष्य में आने वाले मॉडल फास्ट चार्जिंग तकनीक के साथ पेश किए जा सकेंगे। ही प्लेटफॉर्म पर कई मॉडल बनने से विकास लागत भी काफी कम होगी।
JSW MG का लक्ष्य आने वाले मॉडलों में 70% तक स्थानीय पुर्जों का इस्तेमाल करना है। फिलहाल MG Windsor में लोकलाइजेशन काफी बढ़ चुका है, जबकि MG Comet में यह करीब 60% तक पहुंच गया है। बैटरी पैक गुजरात के हलोल प्लांट में तैयार किए जा रहे हैं, हालांकि बैटरी सेल अभी आयात किए जाते हैं।
इस पूरी रणनीति को गति देने के लिए कंपनी FY27 में ₹1,400 करोड़ का निवेश करेगी। यह निवेश नए उत्पादों के विकास, लोकलाइजेशन, मैन्युफैक्चरिंग क्षमता बढ़ाने और डीलर नेटवर्क के विस्तार पर खर्च होगा। यह कंपनी की अगले कुछ वर्षों में प्रस्तावित ₹3,000-4,000 करोड़ की कुल निवेश योजना का हिस्सा है। इसके साथ ही हलोल प्लांट की उत्पादन क्षमता भी बढ़ाई जा रही है। पहले चरण के पूरा होने पर वार्षिक उत्पादन क्षमता 1.20 लाख से बढ़कर 1.60 लाख यूनिट हो जाएगी। दूसरे चरण के बाद यह क्षमता बढ़कर 3 लाख यूनिट प्रति वर्ष तक पहुंच जाएगी।
