Mini LED से स्मार्ट AC तक, Onida ने खोला प्रीमियम प्रोडक्ट्स का पिटारा
‘Onida Rewired’ के तहत कंपनी का नया विजन, रिटेल नेटवर्क बढ़ाने और स्मार्ट इलेक्ट्रॉनिक्स पोर्टफोलियो मजबूत करने की तैयारी
मुंबई: कभी भारतीय घरों में टीवी की पहचान बन चुका Onida अब नए अंदाज में बाजार में वापसी की तैयारी कर रहा है। कंपनी ने अपनी नई रणनीति “Onida Rewired” के तहत प्रीमियम इलेक्ट्रॉनिक्स सेगमेंट में बड़ा कदम उठाते हुए अपना फ्लैगशिप 100 इंच QD Mini LED Television पेश किया है। कंपनी का लक्ष्य बड़े स्क्रीन, स्मार्ट टेक्नोलॉजी और प्रीमियम होम एंटरटेनमेंट की बढ़ती मांग को पूरा करना है।
Onida Electronics Limited ने कहा कि यह बदलाव कंपनी के चार दशक से ज्यादा पुराने भरोसे को नई तकनीक और आधुनिक ग्राहक अनुभव के साथ जोड़ने की दिशा में बड़ा कदम है। कंपनी अब प्रीमियम टीवी के साथ-साथ एयर कंडीशनर, वॉशिंग मशीन और अन्य घरेलू उपकरणों के बाजार में भी अपनी पकड़ मजबूत करेगी।
Onida का नया 100 इंच QD Mini LED Television बड़े स्क्रीन और शानदार पिक्चर क्वालिटी पसंद करने वाले ग्राहकों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। इसमें 1,600 Full Array Local Dimming Zones, 550 Nits Peak Brightness और 144Hz Refresh Rate दिया गया है। कंपनी के अनुसार यह टीवी प्रीमियम घरों, लग्जरी रेजिडेंस, गेमिंग प्रेमियों और हॉस्पिटैलिटी सेक्टर के लिए खास तौर पर बनाया गया है। टीवी में Pentonic Processor, Dolby Vision, HDR10 और MEMC Picture Technologies जैसी आधुनिक सुविधाएं दी गई हैं। वहीं ऑडियो अनुभव को बेहतर बनाने के लिए इसमें KY Thunder 1000 Watts PMPO Dolby Atmos सपोर्ट दिया गया है।
Onida अब सिर्फ बड़े शहरों तक सीमित नहीं रहना चाहती। कंपनी ने बताया कि देश के टियर-2 और टियर-3 शहरों में भी उसकी विस्तार योजना है। कंपनी अगले 2-3 वर्षों में अपने रिटेल नेटवर्क को 100 आउटलेट तक बढ़ाने की तैयारी कर रही है। इसके अलावा कंपनी अगले 12 महीनों में अपने आफ्टर-सेल्स सर्विस नेटवर्क को मजबूत करते हुए 400 से ज्यादा सर्विस पार्टनर्स जोड़ने की योजना बना रही है।
Onida ने साफ किया है कि कंपनी सिर्फ टीवी तक सीमित नहीं रहेगी। एयर कंडीशनर सेगमेंट में कंपनी जल्द Smart-i फीचर के साथ नए मॉडल पेश करेगी, जो कमरे में मौजूद लोगों की संख्या और मूवमेंट के हिसाब से कूलिंग और एयरफ्लो को एडजस्ट करेगा।
इसके अलावा कंपनी लाइफस्टाइल एयर कंडीशनर रेंज और One-Way Cassette AC भी लॉन्च करने की तैयारी में है। वॉशिंग मशीन पोर्टफोलियो में कंपनी बड़े परिवारों को ध्यान में रखते हुए 18 किलो तक क्षमता वाले मॉडल लाने की योजना बना रही है।
