किताब की तरह खुलेगा फोन तो बनेगी बड़ी स्क्रीन, 22 जुलाई को मिलेगी फोन की पहली झलक
बड़ी स्क्रीन वाला छोटा कमाल, नए फीचर्स और डिजाइन के साथ दिखेगा टेक्नोलॉजी का दम
स्मार्टफोन की दुनिया में फोल्डेबल फोन को नई रफ्तार देने की तैयारी में जुटी दिग्गज टेक कंपनी Samsung अब अपने सबसे चर्चित Galaxy Z Fold सीरीज पर बड़ा दांव लगाने जा रही है। कंपनी इस साल Galaxy Z Fold 8 की करीब 28 लाख यूनिट्स का उत्पादन करने की योजना बना रही है, जो Galaxy Z Fold 8 Ultra और Galaxy Z Flip 8 दोनों से ज्यादा है। यह संकेत है कि Samsung अपनी फोल्डेबल रणनीति में बड़ा बदलाव करते हुए ज्यादा ग्राहकों तक पहुंच बनाने के लिए स्टैंडर्ड Fold मॉडल को सबसे ज्यादा अहमियत दे रही है।
इंडस्ट्री सूत्रों के अनुसार Samsung इस साल Galaxy Z Fold 8 की उत्पादन क्षमता को सबसे ऊपर रखेगी। वहीं कंपनी करीब 20 लाख Galaxy Z Fold 8 Ultra और लगभग 15 लाख Galaxy Z Flip 8 यूनिट्स तैयार कर सकती है। आंकड़े दिखाते हैं कि Samsung अब सिर्फ अल्ट्रा-प्रीमियम ग्राहकों तक सीमित रहने की जगह ऐसे फोल्डेबल फोन पर फोकस कर रही है, जो ज्यादा लोगों के बजट और जरूरतों के करीब हो।
Galaxy Z Fold 8 को लेकर सबसे बड़ा बदलाव इसके डिजाइन में देखने को मिल सकता है। यह फोन पारंपरिक बुक-स्टाइल फोल्डेबल डिजाइन से आगे बढ़ते हुए पासपोर्ट स्टाइल वाइड फोल्डिंग डिजाइन के साथ आएगा। इसमें यूजर्स को ज्यादा चौड़ी स्क्रीन और बेहतर मल्टीटास्किंग अनुभव मिल सकता है। लीक्स के अनुसार फोन में 5.5 इंच का कवर डिस्प्ले और 7.6 इंच का AMOLED इनर डिस्प्ले दिया जा सकता है, दोनों स्क्रीन 120Hz रिफ्रेश रेट सपोर्ट कर सकती हैं।
Galaxy Z Fold 8 Ultra को कंपनी का सबसे प्रीमियम फोल्डेबल स्मार्टफोन बनाया जा सकता है। इसमें ज्यादा दमदार प्रोसेसर, बेहतर कैमरा सिस्टम और हाई-एंड फीचर्स मिलने की उम्मीद है। Galaxy Z Fold 8 को अपेक्षाकृत किफायती विकल्प के रूप में पेश किया जा सकता है। इसमें Ultra मॉडल के मुकाबले कैमरा सेटअप थोड़ा कम प्रीमियम हो सकता है और पीछे की तरफ डुअल कैमरा सिस्टम मिलने की संभावना है। Samsung का सालाना बड़ा Galaxy Unpacked 2026 इवेंट 22 जुलाई को लंदन में आयोजित होगा, जहां कंपनी Galaxy Z Fold 8 Ultra, Galaxy Z Fold 8 और Galaxy Z Flip 8 समेत कई नए डिवाइस पेश कर सकती है। इसके अलावा नई Galaxy Watch 9 सीरीज और Galaxy Watch Ultra 2 की भी एंट्री होने की उम्मीद है।
फोल्डेबल स्मार्टफोन बाजार में Samsung पहले से मजबूत स्थिति में है और Galaxy Z Fold 7 की शानदार बिक्री ने कंपनी को नई उम्मीद दी है। अब Galaxy Z Fold 8 के जरिए Samsung फोल्डेबल फोन को और ज्यादा लोकप्रिय बनाने की तैयारी में है। अगर यह रणनीति सफल रही तो आने वाले समय में फोल्डेबल स्मार्टफोन बाजार में Samsung का दबदबा और मजबूत हो सकता है।
