• मस्क की Starlink को लगा झटका! OneWeb ने मारी बाजी, Jio दूसरे नंबर पर
सुरक्षा कागजात जमा करने में मस्क की कंपनी पिछड़ी
• मस्क की Starlink को भारत में अभी करना होगा इंतजार, स्पेक्ट्रम और सुरक्षा मंजूरी बाकी
भारत में सैटेलाइट इंटरनेट कारोबार की जंग तेज हो गई है। एलन मस्क की Starlink, भारती एयरटेल समर्थित OneWeb और रिलायंस समर्थित Jio Satellite भारत में अपनी सेवाएं शुरू करने की तैयारी में हैं। लेकिन लाइसेंस मिलने के बावजूद तीनों कंपनियों का व्यावसायिक लॉन्च अभी बाकी है। रिपोर्ट के मुताबिक, अनिवार्य सुरक्षा दस्तावेज जमा करने में OneWeb सबसे आगे रही। इसके बाद Jio ने कागजात पूरे किए, जबकि एलन मस्क की Starlink ने सबसे आखिर में सुरक्षा अनुपालन से जुड़े दस्तावेज जमा किए। अब तीनों कंपनियों के सामने सुरक्षा शर्तों का पालन, तकनीकी क्षमताओं का प्रदर्शन और स्पेक्ट्रम आवंटन तथा उसकी कीमत तय होने जैसी बड़ी चुनौतियां हैं।
रिपोर्ट के अनुसार, तीनों कंपनियों ने जरूरी लाइसेंस हासिल कर लिए हैं, लेकिन केवल लाइसेंस मिलने से देशभर में सैटेलाइट इंटरनेट सेवा शुरू करने की अनुमति नहीं मिल जाती। इसके लिए सरकार की ओर से तय सुरक्षा मानकों को पूरा करना भी जरूरी है। इस प्रक्रिया में OneWeb ने सबसे पहले सुरक्षा दस्तावेज जमा किए। Jio दूसरे स्थान पर रही, जबकि Starlink ने सबसे बाद में यह प्रक्रिया पूरी की।
कंपनियों को अपनी तकनीकी क्षमता और सुरक्षा व्यवस्था का प्रदर्शन भी करना होगा। सरकार यह सुनिश्चित करना चाहती है कि सैटेलाइट नेटवर्क के जरिये उपलब्ध कराई जाने वाली सेवाएं देश के सुरक्षा नियमों के अनुरूप हों।
सैटेलाइट इंटरनेट सेवाओं की शुरुआत में सबसे बड़ी बाधा स्पेक्ट्रम आवंटन और उसकी कीमत को लेकर है। सरकार को अभी यह तय करना है कि कंपनियों को स्पेक्ट्रम किस व्यवस्था के तहत मिलेगा और इसके लिए कितना शुल्क देना होगा। इसके अलावा सुरक्षा संबंधी सभी शर्तें पूरी करना भी जरूरी है। इन फैसलों के बिना बड़े पैमाने पर व्यावसायिक सेवाएं शुरू करना संभव नहीं होगा।
Starlink की भारत में एंट्री को लेकर एलन मस्क ने पहले आरोप लगाया था कि कुछ ताकतवर कारोबारी समूह कंपनी के रास्ते में बाधा डालने की कोशिश कर रहे हैं। हालांकि सरकारी अधिकारियों ने इन आरोपों के बीच स्पष्ट किया है कि लाइसेंस और मंजूरी की प्रक्रिया पारदर्शी है।
Starlink की ओर से भी भारत में सेवाएं शुरू करने की तैयारी का संकेत दिया गया है। कंपनी की स्टारलिंक बिजनेस ऑपरेशंस की उपाध्यक्ष लॉरेन ड्रेयर ने 7 अक्टूबर को India Mobile Congress में कहा था कि कंपनी ने भारतीय सुरक्षा और नियामकीय जरूरतों को ध्यान में रखकर अपना परिचालन तैयार किया है। स्पेक्ट्रम और सुरक्षा संबंधी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद भारत के सैटेलाइट इंटरनेट बाजार में मुकाबला और तेज हो सकता है।
