धनतेरस पर कार बाजार में रुपये की बरसात ! 58 हजार से ज्यादा कारों की होगी डिलीवरी

धनतेरस पर कार बाजार में रुपये की बरसात ! 58 हजार से ज्यादा कारों की होगी डिलीवरी

• भारत में धनतेरस पर चार लाख से ज्यादा मारुति कारों की खुदरा बिक्री

• मारुति की 30 हजार, हुंडई की 16 हजार और टाटा की 12 हजार डिलीवरी का लक्ष्य

महिंद्रा की SUV पर टूट पड़े ग्राहक, आठ-नौ दिन से भी कम का बचा स्टॉक

धनतेरस के शुभ अवसर पर भारतीय पैसेंजर व्हीकल बाजार में जबरदस्त रौनक देखने को मिली। देश की तीन बड़ी वाहन कंपनियां Maruti Suzuki, Hyundai Motor India और Tata Motors Passenger Vehicles अकेले धनतेरस के दिन 58,000 से ज्यादा गाड़ियां ग्राहकों को सौंपने की तैयारी में रहीं। Maruti Suzuki को करीब 30,000 वाहनों की डिलीवरी की उम्मीद है, जबकि Hyundai का लक्ष्य 16,000 गाड़ियों का है। वहीं Tata Motors Passenger Vehicles को एक ही दिन में 12,000 से अधिक वाहनों की डिलीवरी की उम्मीद है।

Maruti Suzuki के सीनियर एग्जीक्यूटिव ऑफिसर (मार्केटिंग एंड सेल्स) पार्थो बनर्जी के मुताबिक, गणेश चतुर्थी से 6 नवंबर तक कंपनी की खुदरा बिक्री 4 लाख गाड़ियों के पार पहुंच गई। पिछले साल इसी अवधि में यह आंकड़ा 3.46 लाख था। कंपनी की नई Brezza और Baleno को भी ग्राहकों का शानदार समर्थन मिला है। महज दो महीने में Baleno की बिक्री 50,000 और Brezza की बिक्री 70,000 यूनिट से ज्यादा हो गई।

Hyundai Motor India को धनतेरस और दिवाली के दौरान करीब 16,000 गाड़ियों की डिलीवरी की उम्मीद है। यह पिछले साल की तुलना में लगभग 14 प्रतिशत ज्यादा है। कंपनी के एमडी और सीईओ तरुण गर्ग ने कहा कि शुभ अवसरों पर नई गाड़ी खरीदने का उत्साह इस साल भी बरकरार है।

Tata Motors Passenger Vehicles ने भी त्योहारी सीजन में शानदार प्रदर्शन किया है। गणेश चतुर्थी के बाद से कंपनी की खुदरा बिक्री में पिछले साल की समान अवधि के मुकाबले 20 प्रतिशत से अधिक की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। कंपनी के मुताबिक नए लॉन्च हुए मॉडल्स ने भी ग्राहकों की दिलचस्पी बढ़ाई है। दिवाली के शुभ मुहूर्त पर भी डिलीवरी का सिलसिला जारी रहने की उम्मीद है।

Mahindra & Mahindra के SUV पोर्टफोलियो की मांग भी जोरदार बनी हुई है। कंपनी के मुताबिक ज्यादातर मॉडलों में फिजिकल इन्वेंटरी लगभग शून्य है और ट्रांजिट में मौजूद गाड़ियों को छोड़कर स्टॉक आठ से नौ दिन से भी कम का है। कंपनी पूरी क्षमता से उत्पादन कर रही है। अक्टूबर में उसका उत्पादन पहले बताई गई क्षमता के स्तर से भी आगे रहा। कंपनी ने FY27 में SUV वॉल्यूम ग्रोथ के लिए मिड-टू-हाई टीन्स का अनुमान बरकरार रखा है।

धनतेरस ने भारतीय कार बाजार में त्योहारी मांग की ताकत दिखा दी है। नई गाड़ियों की बुकिंग, बेहतर रिटेल बिक्री और सीमित स्टॉक संकेत दे रहे हैं कि इस बार ऑटो कंपनियों के लिए त्योहारी सीजन बेहद उत्साहजनक रहा है।