AI+ का सुपर शॉट: 09 अप्रैल को Nova 2 और Ultra 5G की होगी लॉन्चिंग

AI+ का सुपर शॉट: 09 अप्रैल को Nova 2 और Ultra 5G की होगी लॉन्चिंग

नई दिल्ली: इंडिया में बजट और मिड-रेंज स्मार्टफोन सेगमेंट में हलचल और तेज होने वाली है, क्योंकि AI+ अपने नए स्मार्टफोन्स AI+ Nova 2 5G और AI+ Nova 2 Ultra 5G को 09 अप्रैल को लॉन्च करने जा रही है। कंपनी ने टीजर जारी कर इन दोनों फोन्स की लॉन्च डेट, डिजाइन और कुछ खास फीचर्स का खुलासा कर दिया है, जिससे टेक मार्केट में पहले से ही उत्सुकता बढ़ गई है।

दरअसल, NxtQuantum Shift Technologies के स्वामित्व वाली AI+ ब्रांड, जिसे Madhav Sheth लीड कर रहे हैं, इस बार Nova सीरीज़ में बड़ा अपग्रेड लाने की तैयारी में है। कंपनी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जानकारी देते हुए बताया कि दोनों स्मार्टफोन्स 9 अप्रैल को भारतीय बाजार में दस्तक देंगे। AI+ Nova 2 Ultra 5G को Black, Blue, Green, Purple और Red जैसे पांच आकर्षक कलर ऑप्शंस में पेश किया जाएगा, जबकि AI+ Nova 2 5G Black, Blue, Green, Pink और Purple रंगों में आएगा। खास बात यह है कि दोनों फोन्स में रेड-एक्सेंटेड पावर बटन दिया गया है, जो इनके लुक को अलग पहचान देता है।

AI+ Nova 2 Ultra 5G के डिजाइन में वर्टिकल पिल-शेप रियर कैमरा मॉड्यूल दिया गया है, जिसमें LED फ्लैश बाहर की तरफ प्लेस किया गया है। इसके साथ ही नीचे की ओर AI+ ब्रांडिंग के साथ एक खास सर्कुलर रिंग लाइट दी गई है, जिसे कॉल, मैसेज, म्यूजिक और अन्य नोटिफिकेशन के लिए कस्टमाइज किया जा सकेगा। यह फीचर कुछ हद तक Nothing के स्मार्टफोन्स की लाइटिंग स्टाइल की याद दिलाता है।

वहीं, AI+ Nova 2 5G में स्क्वायर शेप का रियर कैमरा मॉड्यूल दिया गया है, जिसके किनारे गोल हैं और LED फ्लैश उसी मॉड्यूल के अंदर मौजूद है। इसका डिजाइन पिछले साल लॉन्च हुए AI+ Nova 5G से मिलता-जुलता है। उम्मीद की जा रही है कि ये दोनों नए स्मार्टफोन्स कंपनी के पहले लॉन्च किए गए AI+ Pulse और AI+ Nova 5G से बेहतर अपग्रेड के साथ आएंगे। गौरतलब है कि इन पुराने मॉडल्स में 6.7 इंच HD+ डिस्प्ले, AI बेस्ड कैमरा सेटअप (50MP प्राइमरी सेंसर) और 5000mAh बैटरी के साथ 18W चार्जिंग सपोर्ट मिलता था।

AI+ Nova 2 5G और AI+ Nova 2 Ultra 5G अपने यूनिक डिजाइन, कस्टमाइजेबल नोटिफिकेशन लाइट और नए फीचर्स के दम पर भारतीय बाजार में एक अलग पहचान बनाने के लिए तैयार नजर आ रहे हैं।