पेरिस मोटर शो में E-SUV BYD Atto 8 EV का धमाल, नौ मिनट में 97% चार्ज होगी कार

पेरिस मोटर शो में E-SUV BYD Atto 8 EV का धमाल, नौ मिनट में 97% चार्ज होगी कार

• 115kWh बैटरी, 7 सीटें और 652km की रेंज, 4.6 सेकंड में पकड़ेगी 100km/h की स्पीड

• -30 डिग्री ठंड में भी चार्जिंग का कमाल, BYD Atto 8 EV में 15.6-इंच स्क्रीन और 21-स्पीकर ऑडियो सिस्टम

Atto 8 EV में मिलेगी फ्लैश चार्जिंग टेक्नोलॉजी और 775PS की ताकत

• BYD Atto 8 EV में 7 लोगों के बैठने की जगह, सीटें फोल्ड करते ही मिलेगा 1,960 लीटर बूट स्पेस

नई दिल्ली: इलेक्ट्रिक कार बाजार में BYD ने अपनी फ्लैगशिप SUV Atto 8 के पूरी तरह इलेक्ट्रिक वर्जन से पर्दा उठा दिया है। 2026 पेरिस मोटर शो में पेश की गई इस SUV की सबसे बड़ी खासियत इसकी नई Flash Charging Technology है। कंपनी का दावा है कि इससे बैटरी महज 5 मिनट में 10 से 70 प्रतिशत तक और 9 मिनट में 10 से 97 प्रतिशत तक चार्ज हो सकती है। वहीं, रियर-व्हील ड्राइव (RWD) वर्जन एक बार चार्ज करने पर 652 किलोमीटर तक की WLTP रेंज देने में सक्षम है। इस SUV में 7 लोगों के बैठने की व्यवस्था और प्रीमियम फीचर्स भी मिलते हैं।

BYD Atto 8 EV में कंपनी की दूसरी पीढ़ी की Blade Battery दी गई है, जिसकी क्षमता 115kWh है। इसकी Flash Charging Technology को खास तौर पर कम समय में बैटरी चार्ज करने के लिए पेश किया गया है।

कंपनी के मुताबिक, बैटरी को 10 से 70 प्रतिशत तक चार्ज करने में सिर्फ 5 मिनट और 10 से 97 प्रतिशत तक चार्ज करने में 9 मिनट लग सकते हैं। बेहद ठंडे मौसम में भी चार्जिंग की क्षमता को लेकर कंपनी ने बड़ा दावा किया है। उसके अनुसार, माइनस 30 डिग्री सेल्सियस तापमान में बैटरी को 20 से 97 प्रतिशत तक चार्ज करने में करीब 12 मिनट लग सकते हैं।

BYD Atto 8 EV को रियर-व्हील ड्राइव और ऑल-व्हील ड्राइव विकल्पों में पेश किया गया है। RWD वर्जन करीब 462PS की पावर और 365Nm का टॉर्क जनरेट करता है। यह SUV 0 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार करीब 8 सेकंड में पकड़ सकती है। इसकी दावा की गई WLTP रेंज 652 किलोमीटर तक है।

वहीं, डुअल-मोटर AWD वर्जन में करीब 775PS की पावर और 775Nm का टॉर्क मिलता है। यह महज 4.6 सेकंड में 0 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार पकड़ने में सक्षम है। इस वर्जन की दावा की गई WLTP रेंज 602 किलोमीटर तक है।

Atto 8 EV में तीन रो वाली सीटिंग व्यवस्था दी गई है। इसमें सात लोग बैठ सकते हैं। सभी सीटें इस्तेमाल करने पर भी 270 लीटर का लगेज स्पेस मिलता है। जरूरत पड़ने पर दूसरी और तीसरी रो की सीटों को फोल्ड करके बूट स्पेस को 1,960 लीटर तक बढ़ाया जा सकता है। BYD Atto 8 EV को 2026 पेरिस मोटर शो में यूरोपीय बाजार के लिए पेश किया गया है।