नई दिल्ली : इंडियन ऑटो मार्केट में इलेक्ट्रिक कारों की बढ़ती लोकप्रियता के बीच चीन की दिग्गज कंपनी BYD ने एक बड़ा दांव खेला है। कंपनी ने इंडिया में अपनी पहली प्लग-इन हाइब्रिड SUV BYD Seal U DM-i पेश कर दी है। यह सिर्फ इलेक्ट्रिक कार नहीं है और न ही सिर्फ पेट्रोल SUV। इसमें दोनों तकनीकों का बेहतरीन मेल देखने को मिलेगा।
BYD Seal U DM-i को 2026 के अंत तक भारतीय बाजार में लॉन्च किया जाएगा। यह SUV उन ग्राहकों को ध्यान में रखकर तैयार की गई है जो EV खरीदना चाहते हैं, लेकिन चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर और लंबी दूरी की चिंता के कारण पूरी तरह इलेक्ट्रिक वाहन अपनाने में हिचकिचाते हैं। इस SUV में 1.5-लीटर टर्बो पेट्रोल इंजन, 18.3kWh Blade बैटरी और दो इलेक्ट्रिक मोटर्स का कॉम्बिनेशन दिया गया है। इसकी सबसे बड़ी खासियत यह है कि बैटरी को बाहर से चार्ज किया जा सकता है। रोजमर्रा के छोटे सफर आप पूरी तरह इलेक्ट्रिक मोड में तय कर सकते हैं।
कंपनी का दावा है कि Seal U DM-i एक बार फुल चार्ज और फुल टैंक पर 1,200 किलोमीटर से ज्यादा की संयुक्त रेंज दे सकती है। वहीं केवल बैटरी के दम पर यह करीब 70 किलोमीटर तक चल सकती है। शहर में धीमी रफ्तार और ट्रैफिक के दौरान SUV पूरी तरह EV मोड में चलती है, जिससे पेट्रोल की बचत होती है। Seal U DM-i शहर में पूरी तरह इलेक्ट्रिक मोड में चलती है। जरूरत पड़ने पर पेट्रोल इंजन बिजली बनाने का काम करता है। हाईवे पर ज्यादा पावर की जरूरत होने पर इंजन सीधे पहियों को चलाता है। बैटरी भी चार्ज होती रहती है। यानी ड्राइवर को किसी मोड को चुनने की जरूरत नहीं पड़ती, कार खुद स्थिति के अनुसार फैसला लेती है।
लगभग 4.7 मीटर लंबी इस SUV में 5 लोगों के बैठने की जगह मिलेगी। इसके साथ रोटेटिंग टचस्क्रीन, 12.3 इंच डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर, पैनोरमिक सनरूफ, एयर प्यूरीफायर, Level-2 ADAS और V2L (Vehicle-to-Load) जैसे एडवांस फीचर्स मिलने की उम्मीद है। V2L तकनीक की मदद से कार की बैटरी से बाहरी इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस भी चलाए जा सकते हैं। यही वजह है कि यह SUV उन ग्राहकों के लिए आकर्षक विकल्प बन सकती है जो EV जैसी कम रनिंग कॉस्ट चाहते हैं, लेकिन लंबी दूरी के लिए पेट्रोल इंजन का भरोसा भी नहीं छोड़ना चाहते।
