• Dell XPS 16 Creator Edition विडियो एडिटिंग और 3D डिजाइन में नंबर वन, Blackwell ग्राफिक्स और 3.2K OLED स्क्रीन
XPS 16 में NVIDIA का सुपरचिप, Dell में 120Hz OLED स्क्रीन और Grace प्रोसेसर का दम
17.8mm पतला डिजाइन, 128GB मेमोरी और 3.2K स्क्रीन, Dell का प्रीमियम लैपटॉप
Dell ने भारत में अपना नया XPS 16 Creator Edition लैपटॉप लॉन्च किया है। इसे खास तौर पर कंटेंट क्रिएटर्स, डेवलपर्स और ऐसे प्रोफेशनल्स के लिए तैयार किया गया है, जिन्हें भारी काम, वीडियो एडिटिंग, 3D डिजाइन और AI से जुड़े कामों के लिए हाई-परफॉर्मेंस कंप्यूटर चाहिए। इसकी कीमत ₹4,49,990 रखी गई है। इसमें NVIDIA RTX Spark सुपरचिप, Blackwell ग्राफिक्स, Grace प्रोसेसर और 128GB तक यूनिफाइड मेमोरी मिलती है। कंपनी का दावा है कि यह लैपटॉप स्थानीय स्तर पर AI मॉडल चलाने और बड़े क्रिएटिव प्रोजेक्ट संभालने में सक्षम है।
Dell XPS 16 Creator Edition में 3.2K रिजॉल्यूशन वाला Tandem OLED डिस्प्ले दिया गया है। इसकी रिफ्रेश रेट 20Hz से 120Hz तक बदल सकती है। इससे जरूरत के हिसाब से स्क्रीन स्मूद चलती है और बैटरी की खपत को भी बेहतर तरीके से संभालने में मदद मिल सकती है।
स्क्रीन की पीक ब्राइटनेस 1,000 निट्स तक है। इसमें VESA DisplayHDR True Black 600 सर्टिफिकेशन और 100% DCI-P3 कलर सपोर्ट मिलता है। कंपनी के मुताबिक, डिस्प्ले की फैक्ट्री में ही कलर सेटिंग की गई है और इसे Delta E 2 से कम की सटीकता के साथ Pantone Validation मिला है। इससे फोटो, वीडियो और डिजाइन का काम करने वालों को रंगों की बेहतर गुणवत्ता मिलने की उम्मीद है।
इस लैपटॉप में NVIDIA Blackwell RTX GPU दिया गया है, जिसमें 6,144 तक GPU कोर मिलते हैं। इसके साथ NVIDIA Grace CPU के 20 कोर तक और 128GB तक यूनिफाइड मेमोरी दी गई है। यह हार्डवेयर CUDA तकनीक के साथ AI मॉडल को सीधे लैपटॉप पर चलाने और उनकी जांच करने में मदद करता है।
यूजर्स GitHub Copilot, Claude Code, ComfyUI और Cursor जैसे टूल्स का इस्तेमाल कर सकते हैं। इसके अलावा Blender, DaVinci Resolve, Adobe Photoshop और Adobe Premiere जैसे क्रिएटिव सॉफ्टवेयर भी सपोर्ट करते हैं। Dell XPS 16 Creator Edition का डिजाइन भी प्रीमियम है। इसकी मोटाई सिर्फ 17.8mm है और इसे CNC एल्युमिनियम बॉडी से बनाया गया है।
इसमें तीन USB4 Type-C पोर्ट दिए गए हैं, जो DisplayPort 2.1 और Power Delivery सपोर्ट करते हैं। HDMI 2.1b पोर्ट, फुल-साइज SDXC 7.1 कार्ड रीडर और यूनिवर्सल ऑडियो जैक भी मिलता है।
भारत में Dell XPS 16 Creator Edition की कीमत 4,49,990 रुपये है। Axis Bank और ICICI Bank कार्ड से खरीदने पर 15,000 रुपये तक कैशबैक मिल सकता है। कंपनी जीरो डाउन पेमेंट फाइनेंस विकल्प भी दे रही है। यह लैपटॉप Dellstore.com पर खरीदने के लिए उपलब्ध है। दिसंबर के मध्य तक इसे Dell Exclusive Stores, बड़े रिटेल स्टोर और ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म पर भी उपलब्ध कराया जाएगा।
