FADA रिपोर्ट: FY’27 की सुपरहिट शुरुआत, अप्रैल में 26 लाख+ गाड़ियां बिकीं

FADA रिपोर्ट: FY’27 की सुपरहिट शुरुआत, अप्रैल में 26 लाख+ गाड़ियां बिकीं

नई दिल्ली: Federation of Automobile Dealers Associations (FADA) की अप्रैल 2026 रिटेल रिपोर्ट ने नए वित्त वर्ष FY’27 की जोरदार शुरुआत का संकेत दिया है। अप्रैल महीने में 26,11,317 वाहनों की बिक्री दर्ज की गई, जो साल-दर-साल 12.94% की मजबूत बढ़त के साथ अब तक का सबसे बेहतरीन अप्रैल साबित हुआ। टू-व्हीलर, पैसेंजर व्हीकल, कमर्शियल व्हीकल, थ्री-व्हीलर और ट्रैक्टर सभी ने अपने-अपने सेगमेंट में रिकॉर्ड प्रदर्शन किया। ऑटो इंडस्ट्री में डिमांड की बुनियाद मजबूत बनी हुई है और इसका सबसे बड़ा सहारा “भारत” यानी ग्रामीण बाजार बनकर उभरा है।

टू-व्हीलर सेगमेंट में 19,16,258 यूनिट्स की बिक्री के साथ 13.01% की ग्रोथ दर्ज हुई, जबकि पैसेंजर व्हीकल सेगमेंट 4,07,355 यूनिट्स और 12.21% बढ़त के साथ आगे बढ़ा। कमर्शियल व्हीकल्स में 99,339 यूनिट्स के साथ 15.02% की वृद्धि दर्ज हुई। थ्री-व्हीलर सेगमेंट 1,06,908 यूनिट्स के साथ 7.19% बढ़ा। ट्रैक्टर सेगमेंट ने 75,109 यूनिट्स के साथ 23.22% की सबसे तेज ग्रोथ दर्ज कर यह साफ कर दिया कि कृषि अर्थव्यवस्था मजबूत स्थिति में है।

GST 2.0 से बढ़ी अफोर्डेबिलिटी, Reserve Bank of India (RBI) की सपोर्टिव ब्याज दर नीति, मजबूत रबी फसल से ग्रामीण आय बढ़ी और शादी का सीजन लंबा चला। इलेक्ट्रिक व्हीकल सेगमेंट भी इस दौरान लगातार अपनी पकड़ मजबूत करता नजर आया। थ्री-व्हीलर EV की हिस्सेदारी बढ़कर 60.38% हो गई, जो इस सेगमेंट में तेजी से हो रहे इलेक्ट्रिफिकेशन को दर्शाती है।

टू-व्हीलर में शहरी क्षेत्र में 14.07% और ग्रामीण क्षेत्र में 12.30% की बढ़त दर्ज की गई। पैसेंजर व्हीकल सेगमेंट में ग्रामीण मांग ने शहरी बाजार को पीछे छोड़ दिया, जहां ग्रामीण क्षेत्र में 20.40% की तेज वृद्धि हुई, जबकि शहरी क्षेत्र 7.11% पर रहा। कमर्शियल व्हीकल्स में भी ग्रामीण बाजार 20.25% की ग्रोथ के साथ आगे रहा, जबकि शहरी बाजार 10.22% तक सीमित रहा।

मई 2026 के लिए 55.60% डीलर्स ने ग्रोथ की उम्मीद जताई है। शादी का सीजन, अक्षय तृतीया की डिमांड और नए वित्त वर्ष की स्कीमें बाजार को सपोर्ट देंगी। अगले तीन महीनों (मई-जुलाई 2026) के लिए भी 50.90% डीलर्स ग्रोथ को लेकर आशावादी हैं। FADA की यह रिपोर्ट भारत के ऑटो बाजार के मजबूत आधार पर खड़ा होने का संकेत है।