नई दिल्ली: Lamborghini ने सुपरकार की दुनिया में स्पीड, लग्जरी और एक्सक्लूसिविटी के सारे पुराने रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। कंपनी ने अपनी अब तक की सबसे ताकतवर ओपन-टॉप सुपरकार Fenomeno Roadster से पर्दा उठा दिया है। यह सिर्फ एक कार नहीं, बल्कि रफ्तार, टेक्नोलॉजी और डिजाइन का चलता-फिरता तूफान है। दुनिया भर में इसकी केवल 15 यूनिट्स बनाई जाएंगी, जिससे यह Lamborghini की सबसे दुर्लभ और खास कारों में शामिल हो गई है।
इटली के इमोला में आयोजित Lamborghini Arena के दौरान पेश की गई यह नई रोडस्टर, 2025 में आई Fenomeno Coupé का ओपन-टॉप अवतार है। इसकी सबसे बड़ी ताकत है इसका 6.5 लीटर नैचुरली एस्पिरेटेड V12 हाइब्रिड इंजन, जो तीन इलेक्ट्रिक मोटर्स के साथ मिलकर 1080 CV की जबरदस्त ताकत पैदा करता है। इसे Lamborghini की अब तक की सबसे पावरफुल ओपन-टॉप कार कहा जा रहा है। यह सुपरकार केवल 2.4 सेकंड में 0 से 100 किमी प्रति घंटा की रफ्तार पकड़ लेती है, जबकि 200 किमी प्रति घंटा तक पहुंचने में इसे सिर्फ 6.8 सेकंड लगते हैं। इसकी टॉप स्पीड 340 किमी प्रति घंटा से भी ज्यादा है। यानी सड़क पर यह किसी फाइटर जेट जैसी फील देती है।
Fenomeno Roadster का डिजाइन सीधे मोटरस्पोर्ट और एयरोस्पेस टेक्नोलॉजी से प्रेरित है। इसकी अल्ट्रा-लो बॉडी, चौड़े एयर इंटेक्स, हेक्सागोनल LED लाइट्स और एग्रेसिव फ्रंट लुक इसे भविष्य की कार जैसा बनाते हैं। बिना छत के भी इसकी एयरोडायनामिक्स इतनी शानदार है कि यह Coupé जितनी ही डाउनफोर्स और स्टेबिलिटी देती है। कार के अंदर बैठते ही ऐसा महसूस होता है जैसे किसी फाइटर जेट के कॉकपिट में बैठे हों। कार्बन फाइबर, Carbon Skin और Corsatex जैसे प्रीमियम मटेरियल से बना इंटीरियर “Feel Like a Pilot” थीम पर तैयार किया गया है। इस सुपरकार में 7kWh की बैटरी भी दी गई है, जिसकी मदद से यह पूरी तरह इलेक्ट्रिक मोड में भी चल सकती है।
Fenomeno Roadster का Blu Cepheus और Rosso Mars कलर कॉम्बिनेशन इसे और ज्यादा आकर्षक बनाता है। Lamborghini का कहना है कि Fenomeno Roadster केवल एक सुपरकार नहीं, बल्कि इंजीनियरिंग, कला और जुनून का बेजोड़ मिश्रण है। Reventón, Veneno, Centenario और Sián जैसी आइकॉनिक Few-Off कारों की विरासत को आगे बढ़ाते हुए यह नई रोडस्टर आने वाले समय की सुपर स्पोर्ट्स कारों के लिए नई प्रेरणा बनने जा रही है।
