FADA की रिपोर्ट के अनुसार भारतीय ग्राहकों का बदला मिजाज, CNG और इलेक्ट्रिक गाड़ियों की ओर दौड़े ग्राहक
अब माइलेज के साथ जेब का हिसाब भी देख रहे ग्राहक, बदली कार खरीदने की पसंद, मांग रहे नए ईंधन वाली गाड़ियां
EV की बिक्री में 73% की छलांग, इलेक्ट्रिक बाजार में जबरदस्त उछाल
भारतीय ऑटोमोबाइल बाजार में पेट्रोल और डीजल की बढ़ती कीमतों के बीच अब ग्राहक दूसरे विकल्पों की तलाश में जुट गए हैं। कार खरीदने से पहले लोग सिर्फ कीमत और माइलेज नहीं, बल्कि लंबे समय तक होने वाले खर्च का हिसाब भी लगा रहे हैं। CNG, इलेक्ट्रिक, माइल्ड हाइब्रिड, स्ट्रॉन्ग हाइब्रिड और फ्लेक्स-फ्यूल वाहनों को लेकर दिलचस्पी तेजी से बढ़ रही है।
फेडरेशन ऑफ ऑटोमोबाइल डीलर्स एसोसिएशन (FADA) के मुताबिक, देशभर के ऑटोमोबाइल डीलरों के पास वैकल्पिक ईंधन वाली गाड़ियों के बारे में पूछताछ बढ़ी है। हालांकि, इन गाड़ियों की सीमित उपलब्धता और कम विकल्प ग्राहकों की खरीदारी में बड़ी बाधा बने हुए हैं। FADA के अध्यक्ष साई गिरिधर का कहना है कि ग्राहक नए विकल्पों को लेकर उत्साहित हैं, लेकिन बाजार में पर्याप्त मॉडल उपलब्ध नहीं हैं। ग्राहकों के फैसले में गाड़ी की शुरुआती कीमत, रोजाना चलाने का खर्च और सर्विसिंग की लागत अहम भूमिका निभा रहे हैं।
अक्टूबर 2026 के आंकड़े इस बदलाव की तस्वीर साफ करते हैं। FADA के मुताबिक, यात्री वाहनों की कुल खुदरा बिक्री में वैकल्पिक ईंधन वाली गाड़ियों की हिस्सेदारी 41.83 फीसदी रही। वहीं पेट्रोल वाहनों की हिस्सेदारी 41.60 फीसदी दर्ज की गई। यानी CNG, हाइब्रिड और इलेक्ट्रिक वाहनों ने मिलकर पेट्रोल को पीछे छोड़ दिया।
अक्टूबर में CNG की हिस्सेदारी 25.28 फीसदी, हाइब्रिड की 9.04 फीसदी और इलेक्ट्रिक वाहनों की 7.63 फीसदी रही। इलेक्ट्रिक वाहनों की लोकप्रियता भी तेजी से बढ़ रही है। 2026 के 42 दिनों के त्योहारी सीजन में इलेक्ट्रिक पैसेंजर वाहनों की खुदरा बिक्री सालाना आधार पर 72.91 फीसदी बढ़कर 52,104 यूनिट पहुंच गई। सभी श्रेणियों को मिलाकर इलेक्ट्रिक वाहनों की बिक्री 52.62 फीसदी बढ़कर 5,09,667 यूनिट रही।
यात्री वाहन श्रेणी में मारुति सुजुकी वैगनआर फ्लेक्स-फ्यूल विकल्प के तौर पर उपलब्ध है। दोपहिया बाजार में हीरो डीलक्स और एक्सट्रीम जैसे मॉडल का भी जिक्र किया गया है। टोयोटा किर्लोस्कर मोटर अपनी इनोवा हाईक्रॉस का फ्लेक्स-फ्यूल संस्करण लाने की तैयारी में है। FADA का मानना है कि जैसे-जैसे कंपनियां अलग-अलग सेगमेंट में नए मॉडल और विकल्प पेश करेंगी, ग्राहक इन्हें तेजी से अपनाएंगे।
कुल मिलाकर भारतीय ऑटो बाजार में बदलाव की रफ्तार तेज हो रही है। FADA को उम्मीद है कि इस साल के अंत तक देश में कुल वाहन खुदरा बिक्री तीन करोड़ यूनिट का आंकड़ा पार कर सकती है। साफ है कि आने वाले समय में ऑटो कंपनियों के लिए सिर्फ पेट्रोल-डीजल नहीं, बल्कि वैकल्पिक ईंधन तकनीक भी बड़ी चुनौती और अवसर बनने जा रही है।
