पंजाब-हरियाणा-UP को फटकार, दिल्ली में पुरानी गाड़ियों की एंट्री पर लग सकता है ब्रेक
• दिल्ली-NCR की हवा साफ करने के लिए बड़ा एक्शन, पड़ोसी राज्यों की भी बढ़ेगी जिम्मेदारी
सब्जी-फल आएंगे, लेकिन प्रदूषण फैलाने वाले ट्रक नहीं! सुप्रीम कोर्ट ने सुझाया विकल्प
NCR में प्रदूषण के खिलाफ बनेगी साझा रणनीति, राज्यों से मांगी गई रिपोर्ट
दिल्ली-NCR में बढ़ते वायु प्रदूषण को लेकर सुप्रीम कोर्ट ने सख्त रुख अपनाया है। राजधानी की जहरीली हवा से निपटने के लिए अदालत ने केवल भारत स्टेज-VI (BS-VI) मानक वाले वाहनों को दिल्ली में चलने की अनुमति देने की मंशा जाहिर की है। इसके साथ ही पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश की भूमिका पर भी गंभीर सवाल उठाए हैं। अदालत का कहना है कि प्रदूषण से लड़ने की जिम्मेदारी केवल दिल्ली सरकार की नहीं हो सकती। आसपास के राज्यों को भी सक्रिय भूमिका निभानी होगी।
सोमवार को मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत की अध्यक्षता वाली पीठ ने दिल्ली-NCR में वायु प्रदूषण से जुड़े मामले की सुनवाई की। पीठ में न्यायमूर्ति जॉयमाल्य बागची और न्यायमूर्ति वी. मोहना भी शामिल थे। सुनवाई के दौरान अदालत ने मौखिक रूप से कहा कि वह दिल्ली में केवल BS-VI वाहनों को अनुमति देने के पक्ष में है। हालांकि, इस संबंध में तत्काल कोई अंतिम आदेश जारी नहीं किया गया है।
सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट ने दिल्ली में व्यावसायिक वाहनों की आवाजाही धीरे-धीरे बंद करने की संभावना पर भी विचार किया। अदालत ने सुझाव दिया कि शहर की सीमाओं के बाहर बड़े गोदाम बनाए जा सकते हैं। यहां ट्रकों से फल, सब्जियां और अन्य जरूरी सामान उतारा जाए। इसके बाद छोटे इलेक्ट्रिक या प्रदूषण रहित वाहनों से सामान शहर के भीतर पहुंचाया जाए।
मुख्य न्यायाधीश ने कहा कि दिल्ली के लोगों की रोजमर्रा की जरूरतें भी पूरी होनी चाहिए। इसलिए ऐसा विकल्प तैयार करना होगा, जिससे जरूरी सामान की आपूर्ति प्रभावित न हो। अदालत ने इस व्यवस्था को अगले पांच वर्षों में विकसित करने का सुझाव दिया।
सुप्रीम कोर्ट ने पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश की भूमिका को लेकर नाराजगी जताई। अदालत ने कहा कि पड़ोसी राज्य केवल दर्शक बनकर नहीं रह सकते। दिल्ली-NCR में प्रदूषण की समस्या से निपटने के लिए सभी राज्यों को मिलकर काम करना होगा।
पीठ ने संबंधित राज्यों के एडवोकेट जनरल को उपस्थित रहने का निर्देश दिया है। साथ ही उनसे प्रदूषण कम करने और हवा की गुणवत्ता सुधारने के लिए उठाए गए कदमों की रिपोर्ट मांगी है।
अदालत ने स्पष्ट किया कि वाहनों पर संभावित प्रतिबंध और अन्य उपायों पर आगे विचार किया जाएगा। फिलहाल BS-VI से कम मानक वाले वाहनों पर रोक लगाने का अंतिम आदेश नहीं आया है।
