Hero का मेगा प्लान, 150-350cc सेगमेंट में आएगा प्रीमियम बाइक्स का तूफान

Hero का मेगा प्लान, 150-350cc सेगमेंट में आएगा प्रीमियम बाइक्स का तूफान

Harley-Davidson और Hero दोनों ब्रैंड में आएंगे नए मॉडल, बाजार में मचेगी हलचल

पावर, स्टाइल और परफॉर्मेंस… Hero ला रही है नई जनरेशन की बाइक्स

देश की सबसे बड़ी दोपहिया वाहन निर्माता कंपनी Hero MotoCorp अब तेजी से बढ़ रहे 150cc से 350cc प्रीमियम मोटरसाइकिल सेगमेंट पर बड़ा दांव लगाने जा रही है। कंपनी ने ऐलान किया है कि वित्त वर्ष 2026-27 में वह Hero और Harley-Davidson दोनों ब्रांड के तहत कई नए मॉडल लॉन्च करेगी। कंपनी का मानना है कि भारतीय ग्राहकों का रुझान अब ज्यादा पावरफुल, स्टाइलिश और फीचर-लोडेड बाइक्स की ओर तेजी से बढ़ रहा है।

Hero MotoCorp की सालाना रिपोर्ट के मुताबिक 150-350cc सेगमेंट इस समय देश का सबसे तेजी से बढ़ने वाला प्रीमियम बाइक बाजार बन गया है। इसकी सबसे बड़ी वजह 350cc से कम इंजन क्षमता वाली मोटरसाइकिलों पर GST घटकर 18% होना है। इससे इन बाइक्स की कीमतें पहले के मुकाबले ज्यादा आकर्षक हो गई हैं और ग्राहक आसानी से प्रीमियम सेगमेंट में अपग्रेड कर रहे हैं।

इसी वजह से अब लगभग सभी बड़ी कंपनियां इस सेगमेंट में नए मॉडल ला रही हैं। Bajaj Auto ने नया 350cc इंजन प्लेटफॉर्म पेश किया है। Triumph ने अपनी 400cc बाइक्स के 350cc वर्जन लॉन्च किए हैं। KTM भी 390 Duke और 390 Adventure के 350cc मॉडल बाजार में उतार चुकी है। वहीं Bajaj ने Pulsar NS400Z और Dominar 400 को भी 349cc इंजन के साथ पेश किया है, जिससे उनकी कीमत में करीब 21,000 रुपये तक की कमी आई है।

Hero MotoCorp का कहना है कि 350cc से ऊपर की मोटरसाइकिलों की रफ्तार अब कुछ धीमी पड़ गई है, क्योंकि इस श्रेणी पर टैक्स बढ़कर 40% हो गया है। इसके मुकाबले 150-350cc सेगमेंट ग्राहकों के लिए ज्यादा किफायती साबित हो रहा है।

कंपनी का प्रदर्शन भी शानदार रहा है। वित्त वर्ष 2025-26 में Hero MotoCorp ने घरेलू और अंतरराष्ट्रीय बाजारों में 65 लाख (6.5 मिलियन) दोपहिया वाहन बेचे, जो पिछले साल के मुकाबले 9.7% ज्यादा हैं। इसी के साथ कंपनी लगातार 25वें साल दुनिया की सबसे बड़ी मोटरसाइकिल और स्कूटर निर्माता बनी रही।

इस दौरान कंपनी का राजस्व बढ़कर 46,830 करोड़ रुपये, EBITDA 6,871 करोड़ रुपये और शुद्ध मुनाफा 5,268 करोड़ रुपये पहुंच गया। स्कूटर, प्रीमियम बाइक, VIDA इलेक्ट्रिक स्कूटर और Harley-Davidson X440 जैसे मॉडलों की मजबूत बिक्री ने इस बढ़त में अहम भूमिका निभाई।

हालांकि चीन से रेयर अर्थ मैग्नेट की सप्लाई, सेमीकंडक्टर की कमी और कच्चे माल की बढ़ती कीमत जैसी चुनौतियां बनी हुई हैं। इसके बावजूद Hero MotoCorp का फोकस आने वाले समय में प्रीमियम मोटरसाइकिल पोर्टफोलियो को और मजबूत करने पर रहेगा।