GST की छूट पर महंगाई का पंच! Mercedes, BMW और Audi की लग्जरी कारें महंगी

GST की छूट पर महंगाई का पंच! Mercedes, BMW और Audi की लग्जरी कारें महंगी

• लग्जरी कारों की कीमतों में फिर लगी आग! GST की राहत पर कंपनियों का महंगा वार

• 50 लाख से ऊपर की कारों का बिगड़ा बजट! GST का फायदा कीमतों में बढ़ोतरी ने निगला

• Mercedes ने 3 बार, BMW ने 4 बार बढ़ाए दाम!

• टैक्स कटौती की बचत पर कंपनियों ने लगाया ब्रेक, GST घटने की खुशी हुई काफूर!

GST 2.0 लागू होने के बाद Mercedes-Benz, BMW और Audi जैसी प्रीमियम कार कंपनियों ने शुरुआत में कीमतें घटाकर ग्राहकों को राहत दी थी। अब रुपये की कमजोरी, डॉलर और यूरो की मजबूती और बढ़ती लागत ने इस राहत का बड़ा हिस्सा खत्म कर दिया है। टैक्स में कटौती से ग्राहकों को जो फायदा मिला था, उसका बड़ा हिस्सा अब कीमतों में बढ़ोतरी की भेंट चढ़ गया है।
GST 2.0 सितंबर 2025 में लागू हुआ था। इसके तहत लग्जरी कारों पर टैक्स की दर 48-50 फीसदी से घटाकर 40 फीसदी कर दी गई। इससे लग्जरी कारों की कीमतों में करीब 6.5 से 7.5 फीसदी तक की कमी आई थी, लेकिन Mercedes-Benz, BMW और Audi ने बढ़ती लागत का हवाला देते हुए कई बार कीमतों में इजाफा किया। Audi India के प्रमुख बलबीर सिंह ढिल्लों के मुताबिक, GST में कटौती के बाद कंपनियों की ओर से दो से तीन बार की गई कीमतों में बढ़ोतरी ने टैक्स कटौती के लाभ में से करीब पांच प्रतिशत अंक तक का फायदा खत्म कर दिया है।
लग्जरी कार कंपनियों के लिए सबसे बड़ी चुनौती रुपये का कमजोर होना है। डॉलर और यूरो के मुकाबले रुपये में गिरावट से विदेशों से आयात किए जाने वाले पुर्जे महंगे हो गए हैं।
इस साल प्रमुख लग्जरी कार कंपनियों ने कई दौर में कीमतें बढ़ाई हैं। Mercedes-Benz India ने इस साल तीन बार कीमतों में बढ़ोतरी की है। हर बार बढ़ोतरी करीब 1 से 2 फीसदी के बीच रही। Audi ने दो बार कीमतें बढ़ाईं, जबकि देश की दूसरी सबसे बड़ी लग्जरी कार निर्माता BMW India ने चार बार दाम बढ़ाए हैं।
BMW ने कीमतों में बढ़ोतरी के पीछे लॉजिस्टिक्स की लागत और विदेशी मुद्रा में उतार-चढ़ाव को प्रमुख वजह बताया है। Volvo Cars India के प्रबंध निदेशक ज्योति मल्होत्रा ने भी संकेत दिया है कि आने वाले समय में कंपनी कीमतें और बढ़ा सकती है। कीमतों में बढ़ोतरी और आर्थिक चुनौतियों के बावजूद भारत के लग्जरी कार बाजार में वृद्धि का अनुमान है। वर्ष 2026 में लग्जरी कारों की बिक्री करीब 11 फीसदी बढ़कर लगभग 58,000 यूनिट तक पहुंचने की उम्मीद है।
Mobility Global के अनुमान के मुताबिक, 2026 में भारत का कुल पैसेंजर व्हीकल बाजार 13-14 फीसदी बढ़ सकता है जनवरी से सितंबर 2026 के दौरान इस सेगमेंट में 11.2-11.5 फीसदी की वृद्धि का अनुमान है। अगर विदेशी मुद्रा में उतार-चढ़ाव और लागत का दबाव जारी रहता है, तो आने वाले महीनों में लग्जरी कारों की कीमतों में और बढ़ोतरी की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।