जेवर बनेगा नया मैन्युफैक्चरिंग हब, CNH लगाएगी 1,219 करोड़ का ट्रैक्टर प्लांट

जेवर बनेगा नया मैन्युफैक्चरिंग हब, CNH लगाएगी 1,219 करोड़ का ट्रैक्टर प्लांट

• जेवर में ट्रैक्टर फैक्ट्री से 1,200 लोगों को मिलेगी नौकरी

• नोएडा एयरपोर्ट का दिखने लगा दम, दुनिया की बड़ी कंपनी UP में करेगी मेगा निवेश

• नोएडा इंटरनैशनल एयरपोर्ट के पास 100 एकड़ में बनेगी मेगा फैक्ट्री

• जेवर एयरपोर्ट से बदलेगी यूपी की तस्वीर, उद्योगों और रोजगार की होगी बरसात

यूपी में निवेश का नया रिकॉर्ड, जेवर के आसपास बनेंगे बड़े औद्योगिक क्लस्टर

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के आसपास अब उद्योगों का महाकुंभ सजने जा रहा है। जेवर को देश के बड़े मैन्युफैक्चरिंग हब के रूप में विकसित करने की तैयारी तेज हो गई है। इसी कड़ी में दुनिया की प्रमुख कृषि उपकरण निर्माता कंपनी CNH उत्तर प्रदेश में ₹1,219 करोड़ रुपये का निवेश कर ट्रैक्टर मैन्युफैक्चरिंग प्लांट लगाएगी। यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (YEIDA) के सेक्टर-8D में 100 एकड़ जमीन पर बनने वाली इस फैक्ट्री से करीब 1,200 लोगों को रोजगार मिलने की उम्मीद है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को इस परियोजना के भूमि पूजन कार्यक्रम में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये हिस्सा लिया। उन्होंने कहा कि जेवर एयरपोर्ट प्रदेश में औद्योगिक निवेश, विनिर्माण और रोजगार के नए अवसर पैदा करने का बड़ा केंद्र बन रहा है। मुख्यमंत्री के मुताबिक, उत्तर प्रदेश को पिछले साढ़े नौ वर्षों में ₹50 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव मिले हैं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के कारण जेवर और यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र में निवेश की संभावनाएं तेजी से बढ़ रही हैं। एयरपोर्ट, एक्सप्रेसवे और बेहतर परिवहन सुविधाओं से कंपनियों को कच्चा माल मंगाने और तैयार उत्पाद बाजार तक पहुंचाने में आसानी होगी। इससे निर्यात को भी बढ़ावा मिलेगा।
CNH की प्रस्तावित फैक्ट्री YEIDA के सेक्टर-8D में विकसित की जाएगी। इसके लिए 100 एकड़ जमीन निर्धारित की गई है। परियोजना से करीब 1,200 रोजगार के अवसर पैदा होंगे। इसका फायदा केवल फैक्ट्री में काम करने वाले कर्मचारियों तक सीमित नहीं रहेगा। ट्रैक्टर के कलपुर्जे बनाने वाली कंपनियों, लॉजिस्टिक्स, वेयरहाउसिंग और परिवहन कारोबार को भी नए अवसर मिलेंगे।
जेवर के आसपास कई बड़े औद्योगिक प्रोजेक्ट आकार ले रहे हैं। HCL-Foxconn का सेमीकंडक्टर चिप निर्माण प्रोजेक्ट इनमें प्रमुख है। इसके अलावा बड़े इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर की भी योजना है। क्षेत्र में मेडिकल डिवाइस, अपैरल, खिलौने, हस्तशिल्प, MSME और डेटा सेंटर के लिए अलग-अलग औद्योगिक पार्क विकसित किए जा रहे हैं। प्रदेश सरकार घरेलू और विदेशी कंपनियों को आकर्षित करने के लिए औद्योगिक निवेश, प्रत्यक्ष विदेशी निवेश और बड़ी कंपनियों के अनुकूल नीतियों पर काम कर रही है। CNH का निवेश इसी दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। जेवर एयरपोर्ट अब सिर्फ हवाई सफर का केंद्र नहीं रहेगा। इसके आसपास तैयार हो रहा औद्योगिक ढांचा पश्चिमी उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था, रोजगार और विनिर्माण क्षमता को नई पहचान दे सकता है।