Jio का महंगा नहीं होगा रिचार्ज ! OTT ब्रॉडब्रैंड और AI से बढ़ेगी कमाई

Jio का महंगा नहीं होगा रिचार्ज ! OTT ब्रॉडब्रैंड और AI से बढ़ेगी कमाई

• Jio Platforms के चेयरमैन आकाश अंबानी ने कहा, हर GB पर ज्यादा पैसे वसूलना जरूरी नहीं

• होम ब्रॉडबैंड, क्लाउड और AI से बढ़ेगा Jio का कारोबार, एक ही प्लेटफॉर्म पर मिलेंगी कई सेवाएं

• Jio का अगला गेमप्लान तैयार, डिजिटल कारोबार से बढ़ेगा रेवेन्यू

देश की प्रमुख टेलीकॉम कंपनियों में शामिल Reliance Jio अपने कारोबार से कमाई बढ़ाने के लिए नई रणनीति पर काम कर रही है। कंपनी का फोकस केवल मोबाइल रिचार्ज महंगा करने या हर GB डेटा के लिए ज्यादा पैसे वसूलने पर नहीं है। Jio Platforms के चेयरमैन आकाश अंबानी के मुताबिक, कंपनी डिजिटल सेवाओं का विस्तार, होम ब्रॉडबैंड की पहुंच बढ़ाने और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) आधारित सुविधाएं विकसित करने पर जोर दे रही है। कंपनी का लक्ष्य अपने विशाल ग्राहक आधार को अधिक सेवाएं उपलब्ध कराकर प्रति ग्राहक कमाई बढ़ाना है।
आकाश अंबानी ने कहा कि टैरिफ कंपनी के कारोबारी मॉडल का हिस्सा जरूर हैं, लेकिन कमाई बढ़ाने का एकमात्र जरिया नहीं हैं। 50 करोड़ से ज्यादा ग्राहकों के नेटवर्क के दम पर Jio डिजिटल सेवाओं का इस्तेमाल बढ़ाना चाहती है।
Jio की रणनीति में होम ब्रॉडबैंड और फिक्स्ड वायरलेस एक्सेस (FWA) का विस्तार अहम है। कंपनी ज्यादा घरों तक हाई-स्पीड इंटरनेट पहुंचाने के अवसर तलाश रही है। इसके साथ ही वीडियो स्ट्रीमिंग, म्यूजिक और क्लाउड स्टोरेज जैसी डिजिटल सेवाओं को इंटरनेट कनेक्टिविटी के साथ जोड़कर ग्राहकों को व्यापक अनुभव देने पर जोर है।
AI आधारित सेवाएं भी कंपनी की योजना का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। Jio उपभोक्ताओं के साथ कारोबारियों के लिए भी AI समाधान विकसित करने पर काम करना चाहती है। इसके अलावा, एंटरप्राइज कारोबार में क्लाउड, कनेक्टिविटी और अन्य डिजिटल सेवाओं के जरिए अपनी मौजूदगी बढ़ाने की योजना है।
कंपनी की सोच है कि जब ग्राहक एक ही प्लेटफॉर्म पर इंटरनेट के साथ कई अन्य सेवाओं का इस्तेमाल करेंगे, तो प्रति ग्राहक कमाई बढ़ाने के नए अवसर बनेंगे। कीमतों से जुड़े फैसले ग्राहकों की जरूरतों, प्रतिस्पर्धा, महंगाई, निवेश की आवश्यकताओं और बाजार की परिस्थितियों को ध्यान में रखकर किए जाएंगे। Jio ने टैरिफ बढ़ाने के लिए किसी निश्चित समयसीमा का ऐलान भी नहीं किया गया है।
Jio Platforms के IPO से जुड़ी गतिविधियों के बीच यह फैसला किया गया। IPO के लिए 21 से 23 अक्टूबर 2026 तक सब्सक्रिप्शन की अवधि तय की गई है। इश्यू का आकार 30,213 करोड़ रुपये और प्राइस बैंड 1,065 से 1,119 रुपये प्रति शेयर बताया गया है। शेयरों की लिस्टिंग 28 अक्टूबर को प्रस्तावित है।
कंपनी का मूल्यांकन लगभग 10.3 लाख करोड़ रुपये बैठता है। IPO से मिलने वाली रकम में से 27,500 करोड़ रुपये Reliance Jio Infocomm के कर्ज के भुगतान के लिए निर्धारित किए गए हैं। Jio की रणनीति डिजिटल सेवाओं, ब्रॉडबैंड, AI और एंटरप्राइज समाधानों से कारोबार बढ़ाने की है।