JIO के 10 साल: 228 से 7.50 रुपये पर आया 1GB डेटा, जमकर इंटरनेट चला रहा भारत

JIO के 10 साल: 228 से 7.50 रुपये पर आया 1GB डेटा, जमकर इंटरनेट चला रहा भारत

• भारत की डेटा क्रांति: मोबाइल इंटरनेट हुआ 29 गुना सस्ता, इस्तेमाल 128 गुना बढ़ा
• पहले MB बचाते थे, अब GB उड़ाते हैं, डेटा हुआ सस्ता तो बदल गई जिंदगी
• MB बचाने वाले भारत की बदली आदत, अब हर महीने 26.7GB डेटा की खपत

नई दिल्ली, 26 अगस्त। दस साल पहले जिस भारत में मोबाइल इंटरनेट का हर MB सोच-समझकर खर्च किया जाता था, आज वही देश हर महीने औसतन 26.7GB डेटा प्रति ग्राहक इस्तेमाल कर रहा है। 5 सितंबर को Reliance Jio के लॉन्च के 10 साल पूरे हो रहे हैं। इस दौरान 1GB मोबाइल डेटा की औसत कीमत ₹228 से घटकर करीब ₹7.5 रह गई, जबकि इंटरनेट की औसत डाउनलोड स्पीड 2.5 Mbps से बढ़कर 68 Mbps से ज्यादा हो गई। डेटा करीब 29 गुना सस्ता और इंटरनेट करीब 27 गुना तेज हुआ। इसका सबसे बड़ा असर खपत पर पड़ा, जो 0.2GB से भी कम से बढ़कर दर्जनों GB प्रति माह पहुंच गई।
10 साल पहले 1GB इंटरनेट डेटा की कीमत करीब ₹228 थी। अब वही 1GB डेटा करीब ₹7.5 में मिल रहा है। इसलिए लोग इंटरनेट बहुत ज्यादा इस्तेमाल करने लगे हैं। पहले लोग MB- MB बचाकर इंटरनेट चलाते थे, लेकिन अब मोबाइल पर हर महीने कई GB डेटा खर्च कर रहे हैं। विडियो देखना, वीडियो कॉल, ऑनलाइन पढ़ाई, UPI पेमेंट, सोशल मीडिया, OTT और शॉपिंग जैसी चीजों की वजह से डेटा की खपत बहुत बढ़ गई है। पहले इंटरनेट महंगा था, इसलिए कम इस्तेमाल होता था। अब इंटरनेट सस्ता है, इसलिए भारत में लोग GB के हिसाब से डेटा खर्च कर रहे हैं।”
एक समय था जब मोबाइल खर्च बचाने के लिए लोग मिस्ड कॉल देकर काम चला लेते थे। इंटरनेट भी जरूरत के हिसाब से ही चलाया जाता था। आज मोबाइल पर वीडियो कॉल, ऑनलाइन पढ़ाई, डिजिटल पेमेंट, OTT, सोशल मीडिया, वर्क फ्रॉम होम और ऑनलाइन शॉपिंग आम हो चुके हैं। सस्ता डेटा इस बदलाव की बड़ी वजह बना है।
Analysis Mason की रिपोर्ट के मुताबिक, 2016 में एक वायरलेस डेटा ग्राहक का मासिक इस्तेमाल 0.2GB से भी कम था। दिसंबर 2025 तक यह बढ़कर करीब 26GB हो गया। दस साल में डेटा खपत में 128 गुना से ज्यादा बढ़ोतरी हुई। TRAI के मार्च 2026 के आंकड़ों में राष्ट्रीय औसत मासिक खपत 26.7GB पहुंच गई। वहीं, प्रति GB औसत राजस्व घटकर ₹7.51 रह गया।
अप्रैल-जून 2026 में एक Jio ग्राहक ने औसतन 43.7GB डेटा प्रति माह इस्तेमाल किया। इस तिमाही में Jio नेटवर्क पर कुल 69.4 अरब GB डेटा ट्रैफिक रहा, जो एक साल पहले से 26.9% ज्यादा है। जून 2026 तक Jio के ग्राहक आधार में 53.33 करोड़ लोग थे। जून 2026 तक Jio के करीब 28.5 करोड़ 5G ग्राहक हो चुके थे। कंपनी के नेटवर्क पर 5G डेटा ट्रैफिक अब 4G के मुकाबले करीब 1.5 गुना है। वहीं, मार्च 2026 तक भारत मोबाइल डेटा ट्रैफिक का दुनिया में दूसरा सबसे बड़ा उपभोक्ता बन चुका था।