Deep-Tech की दुनिया में Micromax की बिग एंट्री, 250 करोड़ रुपये का फंड तैयार

Deep-Tech की दुनिया में Micromax की बिग एंट्री, 250 करोड़ रुपये का फंड तैयार

• AI, चिप, रोबोट और स्पेस टेक पर Micromax लगाएगा करोड़ों का दांव
• स्टार्टअप्स को पैसे के साथ फैक्ट्री और टेक्नोलॉजी भी देगा Micromax,
• 20 करोड़ तक का शुरुआती निवेश, Micromax तलाशेगा दमदार Deep-Tech स्टार्टअप्स

नई दिल्ली, 26 अगस्त। घरेलू टेक कंपनी Micromax Informatics ने अगली पीढ़ी की तकनीक बनाने वाले स्टार्टअप्स के लिए ₹250 करोड़ के खजाने वाला फैमिली ऑफिस शुरू किया है। कंपनी का निवेश AI, सेमीकंडक्टर, डिफेंस टेक्नोलॉजी, स्पेस टेक्नोलॉजी और रोबोटिक्स जैसे क्षेत्रों में होगा। Micromax मुख्य रूप से Pre-Series A से Series B चरण के स्टार्टअप्स में निवेश करेगा। एक स्टार्टअप में शुरुआती तौर पर औसतन 10 करोड़ से 20 करोड़ तक लगाए जाएंगे। खास बात यह है कि स्टार्टअप्स को केवल पैसा नहीं मिलेगा, बल्कि Micromax के मैन्युफैक्चरिंग, टेक्नोलॉजी और सप्लाई चेन नेटवर्क का भी फायदा मिलेगा।
Micromax का यह फैमिली ऑफिस केवल निवेश करने तक सीमित नहीं रहेगा। कंपनी स्टार्टअप्स को उत्पाद बनाने से लेकर उसे बाजार में उतारने और बड़े स्तर पर उत्पादन शुरू करने तक मदद करेगी। इसका मकसद ऐसी कंपनियों को मजबूत बनाना है, जिनके पास नई और उपयोगी तकनीक है, लेकिन उन्हें कारोबार बढ़ाने के लिए पूंजी के साथ इंडस्ट्री के अनुभव और नेटवर्क की जरूरत है।
फैमिली ऑफिस का मुख्य फोकस पांच क्षेत्रों पर रहेगा। इनमें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, सेमीकंडक्टर, डिफेंस टेक्नोलॉजी, स्पेस टेक्नोलॉजी और रोबोटिक्स शामिल हैं। Micromax ऐसे स्टार्टअप्स को प्राथमिकता देगा जो मुश्किल तकनीकी समस्याओं का समाधान तैयार कर रहे हैं और जिनके उत्पाद भारत के साथ-साथ विदेशी बाजारों में भी बिक सकते हैं।
Micromax के इकोसिस्टम की कंपनी MiPhi Semiconductors भी इस पहल में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। इसके जरिए स्टार्टअप्स को सेमीकंडक्टर टेक्नोलॉजी और वैश्विक साझेदारियों तक पहुंच मिल सकेगी। MiPhi का Phison Electronics के साथ जॉइंट वेंचर भी है। इससे चिप और इलेक्ट्रॉनिक्स से जुड़े स्टार्टअप्स को तकनीकी सहयोग मिलने की उम्मीद है।
स्टार्टअप्स को Bhagwati Products की मैन्युफैक्चरिंग क्षमता का फायदा भी मिल सकता है। इससे किसी नई तकनीक को सिर्फ प्रयोग या प्रोटोटाइप तक सीमित रखने के बजाय बड़े पैमाने पर उत्पादन तक ले जाने में मदद मिलेगी। साथ ही सप्लाई चेन और जरूरी तकनीकी साझेदारों तक पहुंच आसान हो सकती है।
Micromax का निवेश मुख्य रूप से Pre-Series A से Series B चरण की कंपनियों में होगा। इस चरण में स्टार्टअप के पास उत्पाद या तकनीक तैयार होने लगती है और उसे कारोबार बढ़ाने के लिए ज्यादा पूंजी की जरूरत होती है। कंपनी के मुताबिक, फैमिली ऑफिस ने निवेश शुरू भी कर दिया है।
Micromax Informatics के Co-founder Rahul Sharma ने कहा कि Deep-Tech कंपनियां बनाने के लिए सिर्फ पैसा पर्याप्त नहीं है। तकनीक को सफल कारोबार में बदलने के लिए सही साझेदार, संसाधन और इंडस्ट्री का अनुभव भी जरूरी है। मोबाइल और इलेक्ट्रॉनिक्स के कारोबार से पहचान बनाने वाली कंपनी अब सेमीकंडक्टर और दूसरी उभरती तकनीकों में अपनी मौजूदगी बढ़ाना चाहती है। लक्ष्य ऐसे Deep-Tech स्टार्टअप्स को आगे बढ़ाना है, जो आने वाले वर्षों में बड़े और वैश्विक कारोबार बन सकें।