• इंडोनेशिया की सड़कों पर नई Innova Zenix दौड़ी, अब भारतीय ग्राहकों की बारी
• Innova Hycross की बदलेगी पूरी तस्वीर! नए लुक और 12.3 इंच की स्क्रीन के साथ होगी धमाकेदार एंट्री
• नई Innova Hycross में मिलेगा हाईटेक केबिन, दमदार हाइब्रिड इंजन
• 12.3 इंच के डिजिटल डिस्प्ले, नए फ्रंट लुक और दमदार हाइब्रिड इंजन से मचेगी हलचल
भारतीय MPV बाजार में अपनी मजबूत पकड़ रखने वाली Toyota Innova Hycross अब नए अंदाज में तहलका मचाने की तैयारी कर रही है। कंपनी ने इंडोनेशिया में अपनी लोकप्रिय MPV के अपडेटेड मॉडल Kijang Innova Zenix को लॉन्च कर दिया है। यही मॉडल भारत में Innova Hycross के नाम से बिकता है। ऐसे में भारतीय ग्राहकों की निगाहें अब इसके फेसलिफ्ट वर्जन पर टिक गई हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, नई Toyota Innova Hycross Facelift भारत में 26 नवंबर 2026 को दस्तक दे सकती है। हालांकि, कंपनी ने अभी लॉन्च की तारीख की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
नई Innova Hycross में इस बार सबसे बड़ा बदलाव इसके डिजाइन और केबिन में देखने को मिल सकता है। कंपनी ने इसके फ्रंट लुक को ज्यादा आकर्षक और दमदार बनाने की तैयारी की है। इसमें पहले से ज्यादा चौड़ी और चौकोर ग्रिल, डायमंड पैटर्न डिजाइन, पतले प्रोजेक्टर हेडलैंप और नया बंपर मिल सकता है। निचले हिस्से में एयर इनटेक का डिजाइन भी बदला जाएगा। इसके अलावा ऊपर की तरफ लगाए गए नए पिक्सल स्टाइल LED फॉग लैंप इसे अलग पहचान दे सकते हैं।
नई Innova Hycross का इंटीरियर भी पहले से ज्यादा प्रीमियम हो सकता है। इसके हाइब्रिड वेरिएंट में 12.3 इंच का डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर मिलने की जानकारी सामने आई है। वहीं V Hybrid और उससे ऊपर के वेरिएंट में 12.3 इंच की बड़ी इंफोटेनमेंट टचस्क्रीन दी जाएगी।
इंजन के मामले में Toyota मौजूदा विकल्पों को ही आगे बढ़ा सकती है। इसमें 2.0 लीटर नैचुरली एस्पिरेटेड पेट्रोल इंजन मिलने की उम्मीद है, जो करीब 173hp की पावर देता है। इसे CVT गियरबॉक्स से जोड़ा जाता है।
इसके अलावा 2.0 लीटर स्ट्रॉन्ग हाइब्रिड इंजन का विकल्प भी मिलेगा। यह करीब 184hp की संयुक्त पावर देता है और e-CVT ट्रांसमिशन के साथ आता है। मौजूदा आंकड़ों के मुताबिक, पेट्रोल मॉडल का दावा किया गया माइलेज 16.13 किलोमीटर प्रति लीटर और हाइब्रिड वर्जन का 23.24 किलोमीटर प्रति लीटर है।
भारत में Innova Hycross छह वेरिएंट GX, GX(O), VX, VX(O), ZX और ZX(O) में उपलब्ध है। इसकी एक्स-शोरूम कीमत करीब 19.53 लाख से 32.95 लाख रुपये के बीच है। Toyota ने पहले इसके हाइब्रिड इंजन को 85 फीसदी तक इथेनॉल मिश्रित ईंधन यानी E85 पर चलाने की क्षमता के साथ भी टेस्ट किया था।
