• ब्लैक हुड और रूफ के साथ पांच चटक रंगों में मिलेगी कार, 10,000rpm तक दौड़ेगा इंजन
• सुपरकार की दुनिया में Lamborghini का नया पावर पंच!
रफ्तार के शौकीनों के लिए दिखने में कातिल, ताकत में बेमिसाल सुपरकार का नया अंदाज
• पीला, नारंगी, नीला, हरा या बैंगनी! अपनी पसंद के रंग में मिलेगी Lamborghini की यह सुपरकार
सुपरकार की दुनिया में Lamborghini का नाम ही रफ्तार, रौब और रोमांच का दूसरा नाम है। अब कंपनी ने अपनी दमदार सुपरकार Temerario को नए अंदाज में पेश करके एक बार फिर ऑटोमोबाइल जगत का ध्यान खींच लिया है। Lamborghini ने Temerario के लिए नया Tettonero Capsule टू-टोन डिजाइन पेश किया है। इसमें जबरदस्त पावर के साथ ऐसा स्टाइलिश लुक दिया गया है, जिसे देखकर किसी के भी कदम ठहर जाएं। पूरा खेल इसके नए रंगों और ज्यादा आक्रामक डिजाइन का है।
Temerario Tettonero Capsule की सबसे बड़ी खासियत इसका Nero Noctis ब्लैक फिनिश है। कार के हुड, रूफ और कुछ बाहरी हिस्सों को इस खास काले रंग में तैयार किया गया है। इसके साथ ग्राहकों को पांच आकर्षक बॉडी कलर चुनने का विकल्प मिलेगा। इनमें Giallo Inti (पीला), Arancio Xanto (नारंगी), Blu Cepheus (नीला), Verde Scandal (हरा) और Viola Pasifae (बैंगनी) शामिल हैं।
कंपनी ने इसके फ्रंट बंपर पर भी वैकल्पिक ब्लैक एक्सेंट देने की व्यवस्था की है। इसके अलावा फ्रंट स्प्लिटर, रियर डिफ्यूजर और Lamborghini लोगो पर भी ब्लैक डिटेलिंग देखने को मिलती है। टू-टोन फिनिश कार को पहले से ज्यादा स्पोर्टी और आक्रामक अंदाज देती है।
कार के अंदर Nero Ade ब्लैक लेदर अपहोल्स्ट्री के साथ Grigio Octans कॉन्ट्रास्ट स्टिचिंग दी गई है। सीटों पर हेक्सागोनल Q-citura क्विल्टिंग का विकल्प भी मिलता है। ग्राहक बाहरी रंग के हिसाब से केबिन के कुछ हिस्सों को भी कस्टमाइज करा सकते हैं। इसके अलावा Matt Carbon की खास स्मारक प्लेट इसे Tettonero Capsule की अलग पहचान देती है।
डिजाइन भले ही नया हो, लेकिन इसकी असली ताकत पहले जैसी ही जबरदस्त है। Lamborghini Temerario में 4.0 लीटर ट्विन-टर्बो V8 पेट्रोल इंजन दिया गया है। इसके साथ तीन इलेक्ट्रिक मोटरें मिलती हैं। इनमें दो मोटरें आगे और एक इंजन के साथ पावरट्रेन में लगी है। यह हाइब्रिड सिस्टम संयुक्त रूप से 907hp की अधिकतम पावर पैदा करता है। इसका V8 इंजन 10,000rpm तक घूमने की क्षमता रखता है। यानी यह सुपरकार सिर्फ दिखने में ही तूफानी नहीं, बल्कि तकनीक और परफॉर्मेंस के मामले में भी बेहद खास है।
Tettonero नाम की शुरुआत Lamborghini ने 2026 में Milan Design Week के दौरान Urus SE के साथ की थी। अब इसी डिजाइन थीम को Temerario तक पहुंचाया गया है। यह कोई अलग सीमित संख्या वाला मॉडल नहीं, बल्कि कंपनी के नियमित Temerario पोर्टफोलियो के साथ मिलने वाला खास कस्टमाइजेशन पैकेज है।
