लॉन्च से पहले नई Maruti Brezza का बड़ा धमाका, Bharat NCAP में मिली 5-स्टार सेफ्टी रेटिंग

लॉन्च से पहले नई Maruti Brezza का बड़ा धमाका, Bharat NCAP में मिली 5-स्टार सेफ्टी रेटिंग

नई दिल्ली। देश की सबसे बड़ी कार निर्माता कंपनी Maruti Suzuki की बहुप्रतीक्षित नई Brezza लॉन्च से पहले ही बड़ी उपलब्धि हासिल कर चुकी है। कंपनी की इस नई कॉम्पैक्ट एसयूवी को भारत न्यू कार असेसमेंट प्रोग्राम (Bharat NCAP) के तहत एडल्ट ऑक्यूपेंट प्रोटेक्शन (AOP) और चाइल्ड ऑक्यूपेंट प्रोटेक्शन (COP) दोनों श्रेणियों में 5-स्टार सेफ्टी रेटिंग मिली है। नई Brezza को 24 जुलाई 2026 को भारतीय बाजार में लॉन्च किया जाएगा।

नई Brezza के साथ मारुति सुजुकी के 5-स्टार Bharat NCAP रेटिंग वाले वाहनों की संख्या अब पांच हो गई है। इससे पहले कंपनी की Dzire, VICTORIS, Invicto और e VITARA भी 5-स्टार सेफ्टी रेटिंग हासिल कर चुकी हैं। यह उपलब्धि लगातार पांचवीं बार है, जिसने कंपनी की सुरक्षित वाहनों की पहचान को और मजबूत किया है।

नई Brezza में इस बार सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया गया है। कंपनी ने इसमें कई नए और आधुनिक एक्टिव सेफ्टी फीचर्स जोड़े हैं। एसयूवी के सभी वैरिएंट में 6 एयरबैग स्टैंडर्ड दिए जाएंगे। इसके अलावा इलेक्ट्रॉनिक स्टेबिलिटी प्रोग्राम (ESP) विद हिल होल्ड असिस्ट, ब्लाइंड स्पॉट वार्निंग विद लेन चेंज अलर्ट, रियर क्रॉस ट्रैफिक अलर्ट, फ्रंट पार्किंग सेंसर, टायर प्रेशर मॉनिटरिंग सिस्टम (TPMS), इमरजेंसी स्टॉप सिग्नल, सेफ एग्जिट वार्निंग, एबीएस के साथ ईबीडी और ISOFIX चाइल्ड सीट एंकर जैसे एडवांस सेफ्टी फीचर्स भी शामिल किए गए हैं।

कंपनी का कहना है कि नई Brezza की मजबूत बॉडी में अल्ट्रा हाई टेंसाइल और हाई टेंसाइल स्ट्रेंथ स्टील का व्यापक उपयोग किया गया है, जिससे दुर्घटना की स्थिति में यात्रियों को बेहतर सुरक्षा मिलती है। यानी सुरक्षा केवल फीचर्स तक सीमित नहीं है, बल्कि वाहन की पूरी संरचना को भी पहले से ज्यादा मजबूत बनाया गया है।

Maruti Suzuki India के मैनेजिंग डायरेक्टर एवं सीईओ हिसाशी ताकेउची ने कहा कि Brezza वर्ष 2016 से भारत की सबसे ज्यादा बिकने वाली कॉम्पैक्ट एसयूवी रही है और लाखों ग्राहकों की पहली पसंद बनी हुई है। Bharat NCAP की 5-स्टार रेटिंग ग्राहकों के इस भरोसे को और मजबूत करती है। उन्होंने कहा कि कंपनी की डिजाइन फिलॉसफी में सुरक्षा हमेशा सबसे ऊपर रही है और इसी सोच के साथ ग्राहकों के लिए लगातार बेहतर और सुरक्षित वाहन विकसित किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि कंपनी ने अब अपने 16 मॉडलों और 160 वैरिएंट्स में 6 एयरबैग को स्टैंडर्ड कर दिया है। इसका लाभ वित्त वर्ष 2025-26 में 16 लाख (1.6 मिलियन) से अधिक नए ग्राहकों को मिला, जो उद्योग में सबसे बड़ा आंकड़ा है। कंपनी का लक्ष्य एंट्री-लेवल कारों से लेकर एसयूवी सेगमेंट तक हर ग्राहक को बेहतर सुरक्षा उपलब्ध कराना है।

नई Brezza की 5-स्टार सेफ्टी रेटिंग यह साबित करती है कि अब यह एसयूवी केवल स्टाइल, फीचर्स और परफॉर्मेंस ही नहीं, बल्कि सुरक्षा के मामले में भी अपने सेगमेंट की सबसे मजबूत दावेदार बनकर सामने आई है। ऐसे में 24 जुलाई को होने वाला इसका लॉन्च ऑटोमोबाइल बाजार में काफी अहम माना जा रहा है।