कॉल, म्यूजिक और पॉडकास्ट तक सीमित फोन
Light Flip की कीमत 25 हजार रुपये के करीब होगी
स्मार्टफोन की बढ़ती लत और डिजिटल डिस्ट्रैक्शन से परेशान लोगों के लिए Light Flip एक नया विकल्प बनकर सामने आया है। कंपनी Light ने अपने नए 5G फ्लिप फोन को पेश किया है, जिसे खासतौर पर स्क्रीन टाइम कम करने और डिजिटल क्लटर हटाने के लिए डिजाइन किया गया है। यह फोन 2027 में बाजार में आएगा और इसकी शुरुआती कीमत $299.99 (करीब ₹25 हजार) रखी गई है।
Light Flip की सबसे बड़ी खासियत यही है कि इसमें Facebook, Instagram, TikTok, वेब ब्राउजर और ईमेल जैसी सुविधाएं नहीं दी गई हैं। कंपनी का कहना है कि यह फोन यूजर्स को जरूरी कामों तक सीमित रखता है और लगातार नोटिफिकेशन व स्क्रॉलिंग से बचाता है।
Light Flip में 2.8 इंच का OLED डिस्प्ले दिया गया है, जिसका रेजोल्यूशन 480×640 पिक्सल है। फोन में फैक्ट्री से ही मैट स्क्रीन प्रोटेक्टर लगाया गया है, जिससे तेज रोशनी में भी स्क्रीन देखने में आसानी हो। फोन में MediaTek MT8873 प्रोसेसर, 6GB RAM और 128GB स्टोरेज मिलता है। इसमें 5G और 4G LTE कनेक्टिविटी सपोर्ट है।
यह फोन इंटरनेट से पॉडकास्ट डाउनलोड कर सकता है और यूजर अपने पसंदीदा गाने भी चला सकता है। इसमें 3.5mm हेडफोन जैक और ब्लूटूथ हेडफोन सपोर्ट दिया गया है। कॉलिंग के लिए इसमें नॉइज कैंसिलेशन वाले दो माइक्रोफोन और दो स्टीरियो स्पीकर दिए गए हैं।
Light Flip में टचस्क्रीन नहीं मिलेगी। इसमें पुराने जमाने के 12 बटन वाला कीपैड दिया गया है, जो T9 टेक्स्टिंग याद दिलाता है। नेविगेशन के लिए इसमें चार-तरफा डायरेक्शन पैड और अलग होम बटन दिया गया है। वॉल्यूम कंट्रोल बटन भी मौजूद हैं। इसमें 12 मेगापिक्सल रियर कैमरा, 1800mAh रिमूवेबल बैटरी, USB-C चार्जिंग, eSIM और Nano SIM सपोर्ट IP54 वॉटर और डस्ट रेजिस्टेंस है।
Light के फाउंडर Joe Hollier और Kaiwei Tang के मुताबिक, खासकर युवा यूजर्स ऐसे फोन की मांग कर रहे हैं जो सामान्य स्मार्टफोन से कम ध्यान भटकाने वाला हो। कई लोग पुराने फ्लिप फोन इस्तेमाल कर रहे हैं, लेकिन उनमें आधुनिक सुविधाएं नहीं होतीं। Light Flip इसी कमी को पूरा करने की कोशिश है।
हालांकि फोन में कुछ सीमाएं भी हैं। इसमें सेल्फी कैमरा, NFC और टचस्क्रीन नहीं है। इसका बॉडी प्लास्टिक से बना है और इसमें E-Ink डिस्प्ले भी नहीं मिलेगा। फिलहाल इसमें केवल म्यूजिक और पॉडकास्ट ऐप हैं, हालांकि कंपनी भविष्य में डेवलपर्स के लिए SDK जारी करने की तैयारी कर रही है। Light Flip उन लोगों के लिए खास हो सकता है जो स्मार्टफोन की भागदौड़ से दूर रहकर सिर्फ जरूरी कनेक्टिविटी चाहते हैं।
