SUV नहीं, चलता-फिरता घर: Xiaomi SkyNomad से बदलेगी कार की परिभाषा

SUV नहीं, चलता-फिरता घर: Xiaomi SkyNomad से बदलेगी कार की परिभाषा

नई दिल्ली। स्मार्टफोन और इलेक्ट्रिक कारों के बाद Xiaomi अब SUV सेगमेंट में भी बड़ा दांव खेलने जा रही है। कंपनी ने अपनी नई SkyNomad सीरीज पेश की है, जिसे पारंपरिक SUV नहीं बल्कि “इंटेलिजेंट, री-कॉन्फिगरेबल और बड़े स्पेस वाली स्मार्ट SUV” के रूप में तैयार किया गया है। यह कार जरूरत के हिसाब से अपने केबिन का रूप बदल सकती है और चलते-फिरते घर, ऑफिस या फैमिली लाउंज में बदल जाएगी।

Xiaomi के मुताबिक, जहां SU7 और YU7 सीरीज ड्राइविंग एक्सपीरियंस पर केंद्रित हैं, वहीं SkyNomad का फोकस कार के अंदर बैठे लोगों को ज्यादा आरामदायक और उपयोगी अनुभव देना है। कंपनी ने इसे इस तरह डिजाइन किया है कि दिनभर की अलग-अलग जरूरतों के अनुसार इसका इंटीरियर खुद को ढाल सके। SkyNomad को Xiaomi के नए Kunlun Architecture प्लेटफॉर्म पर तैयार किया गया है। इसमें फ्लैट फ्लोर और लंबी रेल पर चलने वाली सीटें दी गई हैं, जिनकी मदद से केबिन को कुछ ही समय में अलग-अलग मोड में बदला जा सकता है। सफर के दौरान यह सामान्य SUV की तरह काम करती है, जबकि पार्क होने पर इसे ऑफिस, लाउंज, फैमिली एक्टिविटी एरिया या आराम करने की जगह में बदला जा सकता है।

कंपनी का कहना है कि यह SUV उन लोगों के लिए बनाई गई है, जो रोज ऑफिस आने-जाने के अलावा परिवार के साथ घूमने, कार से काम करने या कैंपिंग जैसी गतिविधियों के लिए एक ही वाहन चाहते हैं। यानी एक ऐसी कार, जो दिनभर अलग-अलग भूमिकाएं निभा सके।
Xiaomi के संस्थापक और CEO Lei Jun ने कहा कि कंपनी का लक्ष्य केवल बड़ा केबिन देना नहीं था, बल्कि AI की मदद से ऐसा स्मार्ट इंटीरियर तैयार करना था, जो हर स्थिति में लोगों की जरूरत के अनुसार खुद को बदल सके।

SkyNomad में AI, Xiaomi के स्मार्ट डिवाइस इकोसिस्टम और स्मार्ट मैन्युफैक्चरिंग टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल किया गया है। कंपनी का मानना है कि भविष्य में कार केवल सफर का साधन नहीं रहेगी, बल्कि लोगों के लिए दूसरा घर बन जाएगी। Xiaomi ने बताया कि SkyNomad Series को करीब साढ़े तीन साल की रिसर्च और डेवलपमेंट के बाद तैयार किया गया है। इसकी लॉन्चिंग जल्द ही चीन में होगी। फिलहाल कंपनी ने कीमत और तकनीकी स्पेसिफिकेशन का खुलासा नहीं किया है।