E- स्कूटर मार्केट में Piaggio की एंट्री, 1.30 लाख तक में आएंगे दमदार स्कूटर

E- स्कूटर मार्केट में Piaggio की एंट्री, 1.30 लाख तक में आएंगे दमदार स्कूटर

2027 में स्कूटर मार्केट में नई जंग! Piaggio उतारेगा पेट्रोल और इलेक्ट्रिक मॉडल

125cc इंजन और इलेक्ट्रिक पावर का विकल्प, Piaggio की नई स्कूटर रेंज तैयार

भारत में बने 50% टू-व्हीलर विदेश भेजने का लक्ष्य, भारत को एक्सपोर्ट हब बनाने की तैयारी

भारत के इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर बाजार में मुकाबला और तेज होने वाला है। इटली की वाहन निर्माता कंपनी Piaggio अब भारतीय बाजार के बड़े कम्यूटर स्कूटर सेगमेंट में उतरने की तैयारी कर रही है। कंपनी 2027 में एक नया इंडिया-स्पेसिफिक प्लेटफॉर्म पेश करेगी, जिस पर पेट्रोल और इलेक्ट्रिक, दोनों तरह के स्कूटर तैयार किए जाएंगे। Piaggio Vehicles के चेयरमैन, सीईओ और मैनेजिंग डायरेक्टर डिएगो ग्राफी ने बताया कि कंपनी नए प्लेटफॉर्म से भारतीय बाजार के बड़े हिस्से तक पहुंचना चाहती है। नए स्कूटरों की कीमत करीब 85,000 रुपये से शुरू होकर 1.30 लाख रुपये तक जा सकती है। इस रेंज में ज्यादा प्रीमियम इलेक्ट्रिक वेरिएंट भी शामिल होंगे।
Piaggio के नए प्लेटफॉर्म को शुरुआत से ही पेट्रोल और इलेक्ट्रिक, दोनों पावरट्रेन को ध्यान में रखकर विकसित किया जा रहा है। पेट्रोल मॉडल में 125cc इंजन दिया जाएगा, जबकि इलेक्ट्रिक वेरिएंट में बैटरी और इलेक्ट्रिक मोटर का इस्तेमाल होगा। कंपनी का मानना है कि इलेक्ट्रिक स्कूटर के लिए अलग से तैयार किया गया प्लेटफॉर्म लागत, परफॉर्मेंस और रेंज के बीच बेहतर संतुलन बनाने में मदद करेगा। कंपनी करीब 85,000-90,000 रुपये से लेकर 1.20-1.30 लाख रुपये तक के प्राइस सेगमेंट को लक्ष्य बना रही है। इस रेंज में पेट्रोल स्कूटर के साथ इलेक्ट्रिक मॉडल भी पेश किए जाएंगे। प्रीमियम इलेक्ट्रिक वेरिएंट इस कीमत दायरे के ऊपरी स्तर पर रखे जा सकते हैं।
Piaggio फिलहाल भारत में अपनी Vespa रेंज का इलेक्ट्रिक वर्जन लॉन्च करने की योजना नहीं बना रही है। डिएगो ग्राफी के मुताबिक, मौजूदा Vespa प्लेटफॉर्म पर ऐसा इलेक्ट्रिक स्कूटर तैयार करना चुनौतीपूर्ण है, जो बेहतर रेंज और परफॉर्मेंस देने के साथ किफायती भी हो। कंपनी फिलहाल Vespa को इलेक्ट्रिक बनाने के बजाय एक नई स्कूटर रेंज के जरिए EV बाजार में अपनी मौजूदगी बढ़ाना चाहती है।
Piaggio की योजना सिर्फ घरेलू बाजार तक सीमित नहीं है। कंपनी अपने उत्पादों और रेंज के आधार पर भारत में बनने वाले टू-व्हीलरों का करीब 10-20 फीसदी हिस्सा विदेशों में भेजती है। अब उसका लक्ष्य इस हिस्सेदारी को बढ़ाकर कम से कम 50 फीसदी तक पहुंचाना है।
कंपनी भारत की इंजीनियरिंग क्षमता और उत्पादन लागत को अंतरराष्ट्रीय बाजारों के लिए भी उपयोगी मानती है। Piaggio पहले ही भारत में Aprilia RS 457 और Tuono जैसे मॉडल बना रही है, जिन्हें विदेशी बाजारों में भी बेचा जाता है। कंपनी का इरादा भविष्य में भारत में विकसित होने वाले नए उत्पादों को भी अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पहुंचाने का है। ग्राफी के मुताबिक, नई स्कूटर रेंज के कुछ वेरिएंट यूरोप में भी निर्यात किए जाएंगे।
Piaggio बड़े इंजन क्षमता वाले स्कूटरों के बाजार को भी संभावित अवसर के रूप में देख रही है। कंपनी 250cc से 400cc सेगमेंट में उतरने पर विचार कर सकती है, लेकिन फिलहाल इसकी कोई तत्काल योजना नहीं है। पहले कंपनी अपने SXR GT 175 स्कूटर के बाजार प्रदर्शन और ग्राहकों की प्रतिक्रिया को परखना चाहती है।
Piaggio का नया प्लेटफॉर्म कंपनी के लिए भारतीय बाजार में विस्तार का अहम जरिया बन सकता है। पेट्रोल और इलेक्ट्रिक, दोनों विकल्पों के साथ कंपनी अलग-अलग बजट वाले ग्राहकों को साधने की कोशिश करेगी। यदि कंपनी तय कीमत दायरे में अच्छी रेंज, भरोसेमंद परफॉर्मेंस और उपयोगी फीचर्स देने में सफल रहती है, तो उसे इलेक्ट्रिक स्कूटर बाजार में अपनी हिस्सेदारी बढ़ाने का मौका मिल सकता है।