• सोशल मीडिया अकाउंट बंद करने पर बवाल, Meta को 7 दिन का अल्टीमेटम, आर-पार की लड़ाई!
• यूथ कांग्रेस बोली, 7 दिन में अकाउंट बहाल करो नहीं तो आंदोलन और तेज करेंगे
• 20 कार्यकर्ता हिरासत में, अकाउंट सस्पेंड होते ही सड़क पर उतरे कार्यकर्ता, Meta के खिलाफ आंदोलन तेज
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म Meta के खिलाफ भारतीय युवा कांग्रेस (IYC) का विरोध अब कई शहरों तक फैल गया है। हैदराबाद में युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने कंपनी के कार्यालय परिसर में प्रदर्शन किया। मुंबई और गुरुग्राम में भी Meta के कार्यालयों के बाहर नारेबाजी की गई। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि विपक्षी नेताओं, पत्रकारों और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स के अकाउंट प्रतिबंधित या सीमित किए जा रहे हैं।
हैदराबाद में प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने पोस्टर और बैनर लेकर नारेबाजी की। ऑनलाइन सामने आए वीडियो में कुछ कार्यकर्ता Meta के कार्यालय परिसर में प्रवेश करते दिखाई दिए। हालांकि, बताया गया कि वे कंपनी की मुख्य इमारत तक नहीं पहुंच सके। करीब 20 लोगों को एहतियातन हिरासत में लिया गया। कांग्रेस का आरोप है कि उसके नेताओं और समर्थकों के सोशल मीडिया अकाउंट्स पर कार्रवाई की गई है। संगठन का दावा है कि यह विपक्ष की आवाज दबाने की कोशिश है। हालांकि, Meta की ओर से इस मामले में अभी कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। Indian Youth Congress ने Meta को सात दिन का समय देते हुए प्रतिबंधित अकाउंट बहाल करने की मांग की है। संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि मांग पूरी नहीं हुई तो देशभर में कंपनी के कार्यालयों के बाहर विरोध तेज किया जाएगा।
मुंबई के BKC इलाके में Meta कार्यालय के बाहर युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। इस दौरान केंद्र सरकार के मंत्री अश्विनी वैष्णव का पोस्टर जलाया गया और सोशल मीडिया पर कथित पक्षपात को लेकर नारे लगाए गए।
गुरुग्राम में भी Meta कार्यालय के बाहर विरोध दर्ज कराया गया। युवा कांग्रेस का कहना है कि सोशल मीडिया अकाउंट बंद करना लोकतांत्रिक अधिकारों और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर हमला है। हैदराबाद पुलिस के मुताबिक, प्रदर्शनकारियों के मुख्य कार्यालय में प्रवेश करने की पुष्टि नहीं हुई है। फिलहाल मामले में शिकायत दर्ज होने की जानकारी भी सामने नहीं आई है।
युवा कांग्रेस ने बाद में सोशल मीडिया पोस्ट में दावा किया कि उसके कुछ प्रतिबंधित अकाउंट प्रदर्शन के करीब 15 मिनट बाद बहाल कर दिए गए। संगठन ने इसे अपने विरोध की सफलता बताया है। हालांकि, अकाउंट बहाली और प्रदर्शन के बीच सीधा संबंध Meta की ओर से पुष्टि नहीं किया गया है।
