22 जून से Skoda Kodiaq RS की बुकिंग शुरू, इंडिया में केवल 50 लोग खरीद सकेंगे

22 जून से Skoda Kodiaq RS की बुकिंग शुरू, इंडिया में केवल 50 लोग खरीद सकेंगे

नई दिल्ली : इंडिया में परफॉर्मेंस SUV Skoda Auto India अपनी सबसे दमदार और स्पोर्टी SUV Skoda Kodiaq RS की बुकिंग 22 जून से शुरू करने जा रही है। कंपनी ने पहली खेप में भारत के लिए केवल 50 यूनिट्स ही आवंटित की हैं, इसलिए इस SUV को खरीदने के इच्छुक ग्राहकों को जल्दी फैसला लेना होगा। Kodiaq RS भारत में आने वाली पहली Skoda SUV होगी जिसे मशहूर RS (Rally Sport) बैज मिलेगा। यह SUV न केवल ज्यादा पावरफुल होगी बल्कि इसके डिजाइन और इंटीरियर में भी स्पोर्टी बदलाव देखने को मिलेंगे।

Skoda India के ब्रैंड डायरेक्टर आशीष गुप्ता के मुताबिक, इस साल Skoda Motorsport के 125 साल और RS बैज के 50 साल पूरे हो रहे हैं। इसी खास मौके पर कंपनी ने भारतीय बाजार में Kodiaq RS लॉन्च करने का फैसला लिया है। उन्होंने बताया कि भारत में RS मॉडल्स के काफी प्रशंसक हैं, इसलिए कंपनी ने Kodiaq को RS अवतार में पेश करने का निर्णय लिया। Skoda ने पहले Octavia RS की केवल 100 यूनिट भारत में उतारी थीं, लेकिन Kodiaq RS उससे भी ज्यादा लिमिटेड होगी। कंपनी के अनुसार पहली खेप में सिर्फ 50 यूनिट्स उपलब्ध रहेंगी। हालांकि यदि ग्राहकों की मांग अच्छी रहती है तो भविष्य में अतिरिक्त यूनिट्स लाने पर भी विचार किया जाएगा।

नई Kodiaq RS में 2.0-लीटर टर्बो पेट्रोल इंजन मिलेगा जो 265 हॉर्सपावर और 400Nm टॉर्क पैदा करेगा। यह सामान्य Kodiaq के मुकाबले 60hp ज्यादा पावर और 80Nm ज्यादा टॉर्क देता है। यही इंजन ट्यूनिंग Octavia RS और Volkswagen Golf GTI में भी इस्तेमाल की जाती है। कंपनी का दावा है कि Kodiaq RS भारत में बिकने वाली अब तक की सबसे तेज Skoda कार साबित हो सकती है। SUV में 7-स्पीड DSG ऑटोमैटिक गियरबॉक्स और ऑल-व्हील ड्राइव सिस्टम मिलेगा। बेहतर कंट्रोल के लिए इसमें बड़े स्लोटेड ब्रेक डिस्क, दो-पिस्टन फ्रंट कैलिपर्स और हाई-परफॉर्मेंस ब्रेकिंग सिस्टम दिया गया है। Kodiaq RS को सामान्य मॉडल से अलग पहचान देने के लिए इसमें नया स्पोर्टी बंपर, ब्लैक फिनिश एलिमेंट्स, बड़े 20-इंच अलॉय व्हील्स और लाल रंग के ब्रेक कैलिपर्स दिए जाएंगे। इसका एग्रेसिव लुक सड़क पर अलग पहचान बनाएगा।

इंटीरियर में ऑल-ब्लैक थीम, रेड स्टिचिंग, RS बैजिंग और स्पोर्टी बकेट सीट्स दी जाएंगी। सीटों के इंटीग्रेटेड हेडरेस्ट इसे और भी प्रीमियम तथा स्पोर्टी बनाते हैं। Kodiaq RS को इंडिया में पूरी तरह आयात (CBU) करके लाया जाएगा, इसलिए इसकी कीमत काफी प्रीमियम रहने की उम्मीद है। अनुमान है कि इसकी एक्स-शोरूम कीमत 50 लाख से 55 लाख रुपये के बीच हो सकती है। तुलना करें तो मौजूदा Kodiaq की कीमत 36.99 लाख रुपये से 46.99 लाख रुपये के बीच है। अगर आप ऐसी SUV चाहते हैं जिसमें लग्जरी, स्पोर्टी डिजाइन, जबरदस्त पावर और एक्सक्लूसिविटी का शानदार मिश्रण हो, तो Skoda Kodiaq RS आपके लिए खास साबित हो सकती है। लेकिन भारत में सिर्फ 50 यूनिट्स आने के कारण इसकी बुकिंग शुरू होते ही जबरदस्त मांग देखने को मिल सकती है।