नई दिल्ली। Tata Motors ने अपनी लोकप्रिय कॉम्पैक्ट SUV Nexon का Camo Edition इंडियन मार्केट में लॉन्च कर दिया है। इसकी शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत ₹9.99 लाख रखी गई है। यह लिमिटेड-रन एडिशन है और Nexon के भारत में 9 साल पूरे होने और 11 लाख से ज्यादा यूनिट बिकने के मौके पर पेश किया गया है। कंपनी ने इंजन में कोई बड़ा बदलाव नहीं किया है। इसके बजाय नया लुक, बड़ा डुअल-स्क्रीन सेटअप, डैशकैम और कई प्रीमियम फीचर्स देकर इसे खास बनाया गया है।
Nexon Camo Edition को Munnar Mist और Coorg Cloud, रंगों में पेश किया गया है। Munnar Mist ग्रे-ग्रीन शेड है, जो रोशनी के हिसाब से थोड़ा अलग नजर आता है। वहीं Coorg Cloud ग्रे-सिल्वर रंग है। SUV के फ्रंट फेंडर पर खास Camo बैजिंग दी गई है। केबिन में भी Camo Edition की पहचान बनाए रखने के लिए फ्रंट सीटों के हेडरेस्ट पर खास Camo थीम वाली परफोरेशन दी गई है।
Camo Edition में 12.3-इंच का नया टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम दिया गया है। इसके साथ 10.25-इंच का डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर भी मिलता है। इससे ड्राइवर को जरूरी जानकारी ज्यादा साफ तरीके से दिखाई देगी और केबिन पहले से ज्यादा हाईटेक लगेगा। Tata ने इस एडिशन में एक खास इंटीग्रेटेड डैशकैम भी दिया है। इसकी खासियत यह है कि यह SUV के चारों सराउंड-व्यू कैमरों के साथ काम करता है। वेरिएंट के हिसाब से Nexon Camo Edition में कई प्रीमियम फीचर्स मिलते हैं। इनमें पैनोरमिक सनरूफ, वेंटिलेटेड फ्रंट सीटें, 360-डिग्री कैमरा, Blind View Monitor, JBL का 9-स्पीकर ऑडियो सिस्टम और वायरलेस चार्जर शामिल हैं। सेफ्टी के मामले में Nexon Camo Edition में 6 एयरबैग और ESP जैसे फीचर्स स्टैंडर्ड तौर पर दिए गए हैं।
Nexon को Global NCAP और Bharat NCAP दोनों में 5-स्टार क्रैश सेफ्टी रेटिंग मिली हुई है। इससे SUV की सुरक्षा पर ग्राहकों का भरोसा और बढ़ता है।
Tata Nexon Camo Edition में इंजन के मामले में कोई बदलाव नहीं किया गया है। ग्राहक इसे पेट्रोल, डीजल और CNG तीनों पावरट्रेन के साथ खरीद सकते हैं। Tata Nexon ने भारतीय बाजार में 9 साल पूरे कर लिए हैं और अब तक इसकी 11 लाख से ज्यादा यूनिट बिक चुकी हैं। इसी उपलब्धि को सेलिब्रेट करने के लिए कंपनी ने Camo Edition पेश किया है।
