OpenAI की नौकरी छोड़ स्टार्टअप बनाया, 23 साल का इंडियन, 40,000 करोड़ की डील

OpenAI की नौकरी छोड़ स्टार्टअप बनाया, 23 साल का इंडियन, 40,000 करोड़ की डील

• महज 18 महीने में जीरो से 40,000 करोड़ तक पहुंची कंपनी, भारतीय मूल के यश पाटिल ने रचा इतिहास

• AI कारोबार में युवा उद्यमी की बड़ी छलांग, Palo Alto Networks खरीदेगी Applied Compute

• Microsoft, Shopify और DoorDash जैसी कंपनियां बनीं ग्राहक, Applied Compute की तेजी से बढ़ी लोकप्रियता

• AI और साइबर सिक्योरिटी का होगा संगम, Applied Compute को खरीदने जा रही Palo Alto Networks

AI की दुनिया में जहां कई स्टार्टअप ग्राहकों और कमाई के लिए संघर्ष कर रहे हैं, वहीं भारतीय मूल के युवा उद्यमी यश पाटिल ने महज डेढ़ साल में अपनी कंपनी को अरबों डॉलर की कीमत तक पहुंचा दिया। 23 वर्षीय पाटिल का स्टार्टअप Applied Compute अब साइबर सिक्योरिटी क्षेत्र की दिग्गज कंपनी Palo Alto Networks के हाथों 4.5 अरब डॉलर यानी करीब 40,000 करोड़ रुपये के सौदे में अधिग्रहित होने जा रहा है।

यश पाटिल की AI क्षेत्र में शुरुआत Applied Compute से नहीं हुई थी। अप्रैल 2023 में उन्होंने OpenAI में Technical Staff Resident के रूप में काम शुरू किया। अक्टूबर 2023 में वह फुल टाइम तकनीकी भूमिका में आ गए। इस दौरान उन्होंने Codex से जुड़े लंबे और जटिल कार्यों पर भी काम किया।

मई 2025 में OpenAI छोड़ने के बाद उन्होंने अपना स्टार्टअप Applied Compute शुरू किया। इस कंपनी की स्थापना उन्होंने दो अन्य पूर्व OpenAI कर्मचारियों Rhythm और Linden के साथ मिलकर की।

Applied Compute का उद्देश्य कंपनियों को ऐसा AI इंफ्रास्ट्रक्चर उपलब्ध कराना है, जिससे वे अपने डेटा के आधार पर AI मॉडल तैयार कर सकें और उन्हें अपने कारोबारी कामों में इस्तेमाल कर सकें। इससे कंपनियों को हर काम के लिए बाहरी AI सेवाओं पर निर्भर रहने की जरूरत कम होती है।

Applied Compute की तेजी से बढ़ती सफलता का अंदाजा इसके कारोबार से लगाया जा सकता है। यश पाटिल के मुताबिक, कंपनी ने शून्य से शुरुआत करके 18 महीने से कुछ अधिक समय में 100 मिलियन डॉलर के वार्षिकीकृत राजस्व रन-रेट को पार कर लिया। कंपनी ने 350 मिलियन डॉलर की फंडिंग भी जुटाई, जिसमें निवेशक एलाड गिल की अगुवाई रही। इस निवेश के दौरान कंपनी का मूल्यांकन 3.25 अरब डॉलर किया गया था।

Microsoft, Shopify, DoorDash, Harvey, Cognition, Clay और Decagon जैसी कंपनियां इसके ग्राहकों में शामिल हैं। कंपनी का इन्फरेंस सर्विंग कारोबार लॉन्च होने के महज 12 सप्ताह बाद प्रतिदिन एक ट्रिलियन टोकन प्रोसेस करने लगा।

Palo Alto Networks के लिए Applied Compute का अधिग्रहण AI कारोबार में मजबूत प्रवेश का अवसर है। एक तरफ Applied Compute कंपनियों को AI मॉडल बनाने और चलाने की तकनीक देता है, वहीं Palo Alto Networks साइबर सुरक्षा में विशेषज्ञता रखती है। दोनों की तकनीक मिलकर कंपनियों को AI इंफ्रास्ट्रक्चर के साथ सुरक्षा समाधान उपलब्ध कराने में मदद कर सकती है। सौदा पूरा होने के बाद यश पाटिल Palo Alto Networks में Co-Chief AI Officer की भूमिका संभालेंगे।