Hero MotoCorp बनेगा EV पावरहाउस, 1500 करोड़ रुपये झोंकने की तैयारी

नई दिल्ली: Hero MotoCorp अब इलेक्ट्रिक व्हीकल बाजार में बड़ा धमाका करने की तैयारी में है। कंपनी ने EV कारोबार पर फुल फोकस करते हुए FY27 के लिए बड़ा मास्टर प्लान तैयार किया है। Hero MotoCorp इलेक्ट्रिक सेगमेंट में अपनी पकड़ मजबूत करने के लिए 1500 करोड़ रुपये का भारी निवेश करने जा रही है। कंपनी का लक्ष्य अपने EV पोर्टफोलियो को 90 प्रतिशत तक PLI कवरेज के दायरे में लाना है। Vida ब्रांड के जरिए Hero नए इलेक्ट्रिक स्कूटर और प्रीमियम टू-व्हीलर्स लॉन्च करने की तैयारी में है। Hero MotoCorp EV पावरहाउस बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रही है।

कंपनी का कहना है कि PLI योजना से मिलने वाला फायदा उसके EV रेवेन्यू का लगभग 13 प्रतिशत तक है। कंपनी अब EV और फ्लेक्स-फ्यूल व्हीकल्स जैसे लो-एमिशन पावरट्रेन पर काम कर रही है। कनेक्टेड व्हीकल टेक्नोलॉजी को भी तेजी से बढ़ाया जा रहा है। कंपनी ने दावा किया कि उसके तीन लाख से ज्यादा कनेक्टेड टू-व्हीलर पहले से क्लाउड प्लेटफॉर्म से जुड़े हुए हैं। कंपनी अब जनरेटिव AI का इस्तेमाल ग्राहक अनुभव बेहतर बनाने और प्रोडक्ट डेवलपमेंट का समय कम करने में भी कर रही है। कंपनी अपने डिस्ट्रिब्यूशन नेटवर्क को भी मजबूत करने की तैयारी में है। राजस्थान में मौजूद ग्लोबल पार्ट्स सेंटर के बाद अब दूसरा बड़ा पार्ट्स सेंटर बनाने की योजना है, जिससे हैंडलिंग क्षमता दोगुनी हो जाएगी।

FY27 के लिए कंपनी को उम्मीद है कि टू-व्हीलर इंडस्ट्री में हाई सिंगल डिजिट ग्रोथ देखने को मिलेगी। कंपनी का मानना है कि स्कूटर सेगमेंट की ग्रोथ मोटरसाइकिल से ज्यादा तेज रहेगी। इसी को देखते हुए Hero MotoCorp अपने स्कूटर प्रोडक्शन को तेजी से बढ़ा रही है। कंपनी ने Destini स्कूटर की उत्पादन क्षमता 50 प्रतिशत बढ़ा दी है, जबकि Xoom स्कूटर की क्षमता दोगुनी करने पर काम चल रहा है। कंपनी ने कहा कि अगले एक महीने में उसकी EV क्षमता पिछली तिमाही की तुलना में 50 प्रतिशत ज्यादा हो जाएगी। निर्यात कारोबार पर भी Hero MotoCorp का खास फोकस बना हुआ है। FY26 में कंपनी ने 4.02 लाख यूनिट्स का एक्सपोर्ट किया और लगभग 3,500 करोड़ रुपये का रेवेन्यू हासिल किया।