• 1 करोड़ रुपये बैंक में, 45 लाख का पैकेज, फिर भी नौकरी छोड़ने को तैयार नहीं!
नौकरी गई तो एक साल बैठकर खाएंगे! Microsoft कर्मचारी के पास है करोड़ों का फंड
45 साल में रिटायरमेंट का लक्ष्य, अभी से करोड़ों का फंड तैयार कर रहा इंजीनियर
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के बढ़ते प्रभाव और टेक कंपनियों में छंटनी की आशंकाओं के बीच माइक्रोसॉफ्ट के एक कर्मचारी ने ऐसा फैसला लिया है, जिसने कॉरपोरेट जगत में नई बहस छेड़ दी है। बेंगलुरु में काम करने वाले 35 वर्षीय सीनियर सॉफ्टवेयर इंजीनियर को सालाना करीब 45 लाख रुपये का पैकेज मिलता है। उनके पास लगभग 1 करोड़ रुपये की बचत है और कोई कर्ज भी नहीं है। इसके बावजूद उन्होंने माइक्रोसॉफ्ट के वॉलंटरी एग्जिट ऑफर को ठुकरा दिया है। उनका मानना है कि अगर कंपनी उन्हें नौकरी से निकाल भी देती है तो वह छह महीने से एक साल तक बिना नियमित आमदनी के गुजारा कर सकते हैं। माइक्रोसॉफ्ट के Azure क्लाउड डिवीजन में काम करने वाले इस इंजीनियर के मुताबिक, AI के कारण काम करने का तरीका तेजी से बदल रहा है। जो काम पहले एक सप्ताह में पूरा होता था, अब AI की मदद से महज एक-दो दिन में हो रहा है। उन्होंने नौकरी की अनिश्चितता के बावजूद कंपनी में बने रहने का फैसला किया है।
इंजीनियर ने बताया कि उन्होंने वर्षों तक अनुशासित तरीके से निवेश करके करीब 1 करोड़ रुपये का फंड तैयार किया है। उनकी निवेश रणनीति में इंडेक्स फंड, एक्सचेंज ट्रेडेड फंड (ETF) और सोने-चांदी में निवेश शामिल है। उनके ऊपर कोई बकाया कर्ज नहीं है। यही आर्थिक मजबूती उन्हें नौकरी को लेकर जोखिम उठाने का आत्मविश्वास देती है। अगर छह महीने या एक साल तक नौकरी नहीं भी मिलती है तो उनकी आर्थिक स्थिति पर बहुत बड़ा असर नहीं पड़ेगा। हालांकि, उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि वह अपने परिवार के अकेले कमाने वाले सदस्य हैं। इसलिए नौकरी की अनिश्चितता को पूरी तरह नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।
माइक्रोसॉफ्ट के Azure क्लाउड डिवीजन में काम करने वाले इंजीनियर ने बताया कि कर्मचारियों को भी समझ आने लगा है कि AI का असर वास्तविक है। आने वाले समय में सॉफ्टवेयर इंडस्ट्री में काम करने के तरीके और नौकरियों की प्रकृति में बड़े बदलाव हो सकते हैं।
माइक्रोसॉफ्ट ने भारत, अमेरिका, ब्रिटेन और कनाडा में चुनिंदा टीमों के लेवल 70 और उससे नीचे के कर्मचारियों के लिए वॉलंटरी एग्जिट ऑफर पेश किया था। लेकिन इस इंजीनियर ने तत्काल नौकरी छोड़ने के बजाय कंपनी में बने रहने का फैसला किया। उनका मानना है कि मौजूदा दौर में नई नौकरी हासिल करना आसान नहीं है। उनका लक्ष्य 45 वर्ष की उम्र तक आर्थिक रूप से स्वतंत्र होकर कॉरपोरेट नौकरी से दूरी बनाना है।
