APPLE का 600 अरब डॉलर का मिशन, iPhone Duo और iPhone 18 Pro के पार्ट्स US में बनेंगे

APPLE का 600 अरब डॉलर का मिशन, iPhone Duo और iPhone 18 Pro के पार्ट्स US में बनेंगे

• फोल्डेबल iPhone Duo के लिए बनेगा अमेरिकी टाइटेनियम, बनेंगी खास ऑप्टिकल फिल्म

• चिप्स से कैमरा हार्डवेयर तक अमेरिका में बनेंगे iPhone के करीब 100 पार्ट्स

• iPhone Duo और 18 Pro के लिए Apple ने खोला निवेश का खजाना

• Mac mini का उत्पादन भी शुरू करने की योजना, iPhone से AI सर्वर तक उत्पादन की तैयारी

अमेरिका में मैन्युफैक्चरिंग को बढ़ावा देने के लिए Apple ने अपनी रणनीति तेज कर दी है। कंपनी ने फोल्डेबल iPhone Duo और iPhone 18 Pro के अहम कंपोनेंट बनाने के लिए अमेरिकी सप्लायर्स के साथ साझेदारियों का विस्तार किया है। यह कदम Apple के चार साल में 600 अरब डॉलर के निवेश से जुड़े व्यापक अभियान का हिस्सा है। कंपनी का लक्ष्य एडवांस्ड कंपोनेंट और जरूरी मटीरियल का उत्पादन अमेरिका में बढ़ाना है। Apple के मुताबिक, उसका सप्लायर नेटवर्क सभी 50 अमेरिकी राज्यों में फैला है और इससे 4.5 लाख से ज्यादा घरेलू नौकरियों को समर्थन मिलता है।
Apple ने अमेरिकी कंपनी Perryman के साथ अगले तीन वर्षों में 10 करोड़ डॉलर तक के निवेश की प्रतिबद्धता जताई है। पेंसिल्वेनिया की यह कंपनी iPhone Duo के लिए ग्रेड-5 टाइटेनियम एनक्लोजर तैयार करेगी। इसके लिए टाइटेनियम को पिघलाने, फोर्जिंग और रोलिंग जैसी प्रक्रियाओं का इस्तेमाल किया जाएगा
Apple ने Qnity Electronics के साथ भी अपने काम का विस्तार किया है। यह कंपनी iPhone 18 Pro के नए वेरिएबल अपर्चर कैमरा सिस्टम के लिए खास ऑप्टिकल फिल्म तैयार करेगी। यह तकनीक 48 मेगापिक्सल Fusion Main कैमरे से जुड़ी बताई गई है। Apple के अनुसार, iPhone Duo और iPhone 18 Pro में इस्तेमाल होने वाले करीब 100 अलग-अलग पार्ट्स अमेरिकी कंपनियां बना रही हैं। इनमें वायरलेस मॉड्यूल से लेकर प्रमुख चिप्स तक शामिल हैं। ये सप्लायर्स एक दर्जन से ज्यादा राज्यों में काम कर रहे हैं।
Broadcom कोलोराडो में अपने Fort Collins प्लांट को आधुनिक बनाने के लिए 1.5 अरब डॉलर का निवेश कर रही है। कंपनी के साथ हुए बहुवर्षीय समझौते के तहत Apple के उत्पादों के लिए 15 अरब से ज्यादा अमेरिकी निर्मित रेडियो-फ्रीक्वेंसी चिप्स तैयार करने की योजना है।
Kentucky में Corning अपने Ceramic Shield और खास कवर ग्लास का उत्पादन बढ़ा रही है। Apple के मुताबिक, 2026 के अंत तक वहां का प्लांट दुनिया भर में बेचे जाने वाले सभी iPhone मॉडल के कवर ग्लास का उत्पादन करेगा। इसमें iPhone Duo और Apple Watch के लिए इस्तेमाल होने वाला ग्लास भी शामिल होगा।
Texas में Coherent Face ID और iPhone 18 Pro सीरीज के बदले हुए Dynamic Island से जुड़े लेजर मॉड्यूल बनाएगी। वहीं, Arizona में TSMC 2026 में Apple के लिए 10 करोड़ से ज्यादा एडवांस्ड चिप्स बनाने की दिशा में उत्पादन बढ़ा रही है।
Apple स्थानीय स्तर पर कर्मचारियों और सप्लायर्स को प्रशिक्षित करने पर भी निवेश कर रही है। कंपनी ने अगस्त में Houston, Texas में 20,000 वर्ग फुट का Advanced Manufacturing Center शुरू किया। यह अमेरिका में उसका दूसरा शैक्षणिक केंद्र है।