नवरात्र से विजयादशमी तक हर सेकंड एक या दो गाड़ियां बिकीं, ऑटो बाजार की धूम!

नवरात्र से विजयादशमी तक हर सेकंड एक या दो गाड़ियां बिकीं, ऑटो बाजार की धूम!

• फेस्टिव सीजन में ऑटो मार्केट गुलजार, 2024 के मुकाबले बिक्री 26.76% बढ़ी

• इलेक्ट्रिक वाहनों का बढ़ता जलवा, नवरात्र में बिक्री 1.17 लाख के पार

10 दिनों में बिकी 11 लाख से ज्यादा गाड़ियां

• ऑटो बाजार में इलेक्ट्रिक क्रांति के संकेत, नवरात्र में EV बिक्री ने पकड़ी रफ्तार

देश में त्योहारी सीजन के दौरान ऑटोमोबाइल बाजार में रौनक देखने को मिली है। फेडरेशन ऑफ ऑटोमोबाइल डीलर्स एसोसिएशंस (FADA) के मुताबिक, नवरात्र 2026 के 10 दिनों में देशभर में कुल 11,23,086 वाहनों की खुदरा बिक्री दर्ज की गई। यह आंकड़ा नवरात्र 2024 की तुलना में 26.76% अधिक है। हालांकि, पिछले साल के मुकाबले कुल बिक्री में 6.52% की गिरावट दर्ज की गई। FADA के अनुसार, इसकी एक बड़ी वजह नवरात्र 2025 का 11 दिनों का होना और उसी दौरान GST 2.0 की शुरुआत के कारण मांग का असाधारण रूप से बढ़ना है।
FADA के अध्यक्ष साई गिरिधर ने कहा कि नवरात्र 2026 के आंकड़े ऑटोमोबाइल बाजार की मजबूत बुनियाद को दर्शाते हैं। उनके मुताबिक, यात्री वाहनों की बिक्री में नवरात्र 2024 के मुकाबले 10.39% और दोपहिया वाहनों की बिक्री में 32.41% की वृद्धि हुई है। त्योहारी मांग के बीच इलेक्ट्रिक वाहनों का प्रदर्शन भी खास रहा है।
नवरात्र के दौरान इलेक्ट्रिक वाहनों की कुल खुदरा बिक्री 1,17,437 यूनिट रही। यह नवरात्र 2025 की 92,628 यूनिट बिक्री से 26.78% अधिक है। नवरात्र 2024 के मुकाबले इलेक्ट्रिक वाहनों की बिक्री में 83.06% की वृद्धि दर्ज की गई। कुल वाहन बिक्री में इलेक्ट्रिक वाहनों की हिस्सेदारी लगभग 10.5% रही, जो एक साल पहले करीब 7.7% थी। इससे इलेक्ट्रिक वाहनों के प्रति ग्राहकों की बढ़ती दिलचस्पी का संकेत मिलता है।
इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहनों की बिक्री 75,758 यूनिट रही, जो पिछले साल के मुकाबले 33.41% अधिक है। इलेक्ट्रिक तिपहिया वाहनों की बिक्री 28,086 यूनिट दर्ज की गई, जबकि इलेक्ट्रिक यात्री वाहनों की बिक्री 12,305 यूनिट रही। यात्री इलेक्ट्रिक वाहनों की बिक्री में सालाना आधार पर 25.97% की बढ़ोतरी हुई।
कुल वाहन बिक्री में दोपहिया वाहनों का सबसे बड़ा योगदान रहा। नवरात्र 2026 के दौरान इनकी 8,34,075 यूनिट बिकीं। हालांकि, नवरात्र 2025 की तुलना में बिक्री 2.79% कम रही, लेकिन नवरात्र 2024 के मुकाबले इसमें 32.41% की बढ़ोतरी दर्ज की गई।
यात्री वाहनों की बिक्री 1,82,728 यूनिट रही। यह नवरात्र 2025 की तुलना में 21.91% कम है, लेकिन नवरात्र 2024 के मुकाबले 10.39% अधिक है। वाणिज्यिक वाहनों की बिक्री 35,618 यूनिट रही, जबकि तिपहिया वाहनों की 45,735 यूनिट बिक्री दर्ज की गई।
FADA ने धनतेरस से दिवाली तक वाहन बिक्री को लेकर सतर्क आशावाद जताया है। संगठन के मुताबिक, ग्राहकों की खरीदारी की क्षमता और नए वाहनों के प्रति बढ़ती आकांक्षा से बाजार को आगे भी समर्थन मिल सकता है। FADA ने 21 अक्टूबर 2026 तक सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय के सहयोग से 1,469 में से 1,468 RTO के उपलब्ध आंकड़ों के आधार पर संकलित किया है।