• बाइक बाजार में Bajaj का डबल अटैक, Pulsar भी अपडेट होगी और ADV भी आएगी
• Pulsar NS125 और NS160 के नए अवतार की तैयारी
• Pulsar की ताबड़तोड़ बिक्री के अब ADV की बारी
नई दिल्ली। त्योहारी सीजन में बाइक बाजार की रफ्तार बढ़ाने के लिए Bajaj Auto बड़ा दांव लगाने जा रही है। कंपनी सितंबर 2026 तक कुल 10 नई बाइक्स बाजार में उतारने की तैयारी में है, जिनमें से चार मॉडल पहले ही लॉन्च हो चुके हैं। अब छह और बाइक्स की बारी है। इनमें Pulsar NS रेंज के अपडेटेड मॉडल के साथ Bajaj की पहली ADV यानी एडवेंचर बाइक भी शामिल हो सकती है। नई ADV को 250cc सेगमेंट में उतारे जाने की उम्मीद है और इसका मुकाबला Hero Xpulse 210, Suzuki V-Strom SX और Yezdi Adventure से होगा।
Bajaj के अगले लॉन्चिंग में Pulsar NS रेंज के अपडेटेड मॉडल शामिल होने की संभावना है। इस रेंज में NS125, NS160, NS200 और NS400Z शामिल हैं। माना जा रहा है कि कंपनी ज्यादा बिक्री वाले NS125 और NS160 को पहले अपडेट कर सकती है। Pulsar रेंज Bajaj की बिक्री की सबसे बड़ी ताकत है। कंपनी की कुल मासिक दोपहिया बिक्री में इसका योगदान करीब 44 फीसदी है।
Pulsar लगातार देश की सबसे ज्यादा बिकने वाली बाइक्स में शामिल रहती है। जुलाई में इसकी 66,156 यूनिट बिकीं और यह बिक्री के मामले में तीसरे स्थान पर रही। इसकी बाजार हिस्सेदारी करीब 10 फीसदी रही। ऐसे में Pulsar रेंज को अपडेट करना Bajaj की रणनीति का अहम हिस्सा माना जा रहा है।
Bajaj की सबसे दिलचस्प तैयारी उसकी पहली ADV बाइक को लेकर है। टेस्टिंग के दौरान इसका मॉडल कई बार नजर आ चुका है। इसे 250cc सेगमेंट में उतारे जाने की संभावना है। इसमें Pulsar N250 का 249cc एयर/ऑयल-कूल्ड इंजन इस्तेमाल किए जाने की चर्चा है, हालांकि कंपनी ने इसकी पुष्टि नहीं की है।
टेस्ट मॉडल में फुली डिजिटल TFT इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर, टेलिस्कोपिक फ्रंट फोर्क्स, रियर मोनोशॉक और हाई-माउंटेड एग्जॉस्ट जैसे फीचर्स देखे गए हैं। नई ADV को ब्राजील में क्रिसमस के आसपास पेश किया जाना है, जबकि भारत में इसकी एंट्री इससे पहले होने की उम्मीद है।
बाइक्स की बढ़ती मांग को देखते हुए Bajaj उत्पादन क्षमता बढ़ाने की तैयारी में भी है। मौजूदा क्षमता करीब 72 लाख यूनिट सालाना है, जिसे बढ़ाकर 90 लाख से ज्यादा यूनिट करने का लक्ष्य है। इसके लिए मौजूदा प्लांट के विस्तार और नई फैक्ट्री, दोनों विकल्पों पर विचार किया जा रहा है। कंपनी के लिए यह तैयारी ऐसे समय में हो रही है जब अप्रैल-जून तिमाही में उसकी स्पोर्ट्स मोटरसाइकिल रेंज की बिक्री में सालाना आधार पर करीब 50 फीसदी वृद्धि दर्ज हुई। Pulsar, Avenger और Dominar में भी दोहरे अंक की ग्रोथ रही। ऐसे में नए मॉडल और अपडेटेड Pulsar रेंज के जरिए Bajaj त्योहारी सीजन में बिक्री की रफ्तार और तेज करने की तैयारी में है।
