नई दिल्ली। इंडियन SUV मार्केट में मुकाबला लगातार तेज हो रहा है। इसी बीच Citroen ने अपनी लोकप्रिय coupe-SUV Basalt का नया Basalt X Comfort Edition लॉन्च कर दिया है। कंपनी ने इसे 8.75 लाख (एक्स-शोरूम) की शुरुआती कीमत पर बाजार में उतारा है। इस नए एडिशन में ग्राहकों को ज्यादा आराम, प्रीमियम केबिन और एडवांस फीचर्स का पैकेज मिलेगा।
Citroen Basalt X Comfort Edition को खास तौर पर उन ग्राहकों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है, जो कम बजट में ज्यादा प्रीमियम अनुभव चाहते हैं। कंपनी ने इसके एक्सटीरियर डिजाइन में बड़े बदलाव नहीं किए हैं, लेकिन केबिन को पहले से ज्यादा शानदार बनाया गया है।
इस SUV में अब Metropolitan Beige लेदरट सीटें स्टैंडर्ड तौर पर दी गई हैं, जिससे अंदर बैठने का अनुभव ज्यादा लग्जरी हो जाता है। Citroen का कहना है कि यह एडिशन आराम और पर्सनलाइजेशन को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है।
Basalt X Comfort Edition के साथ कंपनी ने Comfort AXS Packs भी पेश किए हैं। इन पैक्स के जरिए ग्राहक अपनी जरूरत के हिसाब से फीचर्स चुन सकते हैं। इसमें प्रीमियम JBL ऑडियो सिस्टम, फ्रंट और केबिन डैश कैमरा, प्रेडिक्टिव सेफ्टी अलर्ट, रिवर्स पार्किंग कैमरा, वायरलेस चार्जर और 10-इंच Android टचस्क्रीन जैसे फीचर्स शामिल हैं। कंपनी का फोकस खास तौर पर उन शहरी ग्राहकों पर है, जो रोजाना ट्रैफिक में ड्राइव करते हैं और उन्हें आराम के साथ आधुनिक तकनीक भी चाहिए।
Citroen India के बिजनेस हेड और डायरेक्टर कुमार प्रियेश ने कहा कि Aircross Comfort Edition को मिले अच्छे रिस्पॉन्स के बाद कंपनी ने Basalt में भी आराम और प्रीमियम फीचर्स को बढ़ाया है। उनका कहना है कि यह नया एडिशन ग्राहकों को बेहतर सुविधा, तकनीक और व्यक्तिगत पसंद के विकल्प देगा। Citroen Basalt X Comfort Edition ऐसे समय में आई है, जब भारतीय ग्राहक SUV में केवल पावर नहीं बल्कि फीचर्स, आराम और प्रीमियम अनुभव को भी प्राथमिकता दे रहे हैं। कंपनी को उम्मीद है कि नया एडिशन बाजार में अपनी अलग पहचान बनाएगा।
