दिल्ली से मुंबई तक दौड़ेंगे E-AUTO! Uber-Mahindra ने बनाया 5,000 EV का मेगा प्लान

दिल्ली से मुंबई तक दौड़ेंगे E-AUTO! Uber-Mahindra ने बनाया 5,000 EV का मेगा प्लान

• एक साल में उतारेंगे 5,000 इलेक्ट्रिक ऑटो, अब पेट्रोल-सीएनजी की टेंशन खत्म

• ई-ऑटो की रफ्तार बढ़ाएंगे Uber और Mahindra, ड्राइवरों को मिलेगी फाइनेंस की सुविधा

• ग्रीन मोबिलिटी को मिलेगा बूस्टर! 12 महीने में 5,000 इलेक्ट्रिक ऑटो उतारने की तैयारी

• ऑटो चालकों की बल्ले-बल्ले! पुराना वाहन देकर खरीद सकेंगे इलेक्ट्रिक ऑटो

देश में इलेक्ट्रिक वाहनों के बाजार का तेजी से विस्तार कर रहा है। अब इस रफ्तार को और तेज करने के लिए Uber-Mahindra ने बड़ा दांव खेला है। दोनों कंपनियां अगले 12 महीनों में देशभर में 5,000 इलेक्ट्रिक थ्री-व्हीलर्स यानी ई-ऑटो तैनात करने की तैयारी में हैं। इस साझेदारी से न केवल इलेक्ट्रिक ऑटो की संख्या बढ़ेगी, बल्कि ड्राइवरों के लिए इन्हें खरीदना और चलाना भी आसान होगा। 16 नवंबर को मुंबई में इस साझेदारी का ऐलान किया गया। इसके तहत Uber और Mahindra Last Mile Mobility ने EV Auto Advantage Programme शुरू करने की योजना बनाई है। इसका मुख्य उद्देश्य उन शहरों और बाजारों में इलेक्ट्रिक ऑटो को बढ़ावा देना है, जहां अभी इनकी पहुंच सीमित है।

इस कार्यक्रम के तहत महिंद्रा के इलेक्ट्रिक वाहनों की खरीद पर ड्राइवरों को वित्तीय सहायता और फाइनेंसिंग विकल्प उपलब्ध कराए जाएंगे। इसके अलावा ट्रेड-इन यानी पुराना वाहन देकर नया इलेक्ट्रिक ऑटो खरीदने की सुविधा भी मिलेगी। दोनों कंपनियां उन चुनौतियों को दूर करने पर काम करेंगी, जिनकी वजह से ड्राइवर इलेक्ट्रिक वाहनों को अपनाने से हिचकते हैं। इनमें वाहन की शुरुआती कीमत, फाइनेंस और संचालन से जुड़ी परेशानियां शामिल हैं।

UBER के ग्लोबल हेड ऑफ मोबिलिटी प्रदीप परमेश्वरन और महिंद्रा लास्ट माइल मोबिलिटी की एमडी एवं सीईओ सुमन मिश्रा ने इस साझेदारी को शहरी परिवहन के भविष्य के लिए अहम बताया।

UBER ने मुंबई में अपने Connected Journeys फीचर का प्रदर्शन भी किया। इसके जरिए यात्री मेट्रो, थ्री-व्हीलर और टू-व्हीलर को मिलाकर अपनी यात्रा की योजना बना सकेंगे। ऐप पर अलग-अलग रास्तों, किराये और यात्रा में लगने वाले समय की तुलना की जा सकेगी। भारत में इस फीचर की शुरुआत दिल्ली से धीरे-धीरे की जा रही है। उबर के ऐप पर दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु, चेन्नई और पुणे में मेट्रो टिकट बुकिंग की सुविधा भी उपलब्ध है।

यह साझेदारी इलेक्ट्रिक मोबिलिटी को बढ़ावा देने के साथ शहरों में प्रदूषण कम करने की कोशिशों को भी मजबूती दे सकती है। 5,000 इलेक्ट्रिक ऑटो का लक्ष्य पूरा होने पर ड्राइवरों को नए व्यावसायिक अवसर मिलेंगे और यात्रियों को परिवहन का ज्यादा स्वच्छ विकल्प मिलेगा।