हवा की ताकत से बढ़ेगी बिजली, TATA GROUP और Suzlon ने मिलाया हाथ

हवा की ताकत से बढ़ेगी बिजली, TATA GROUP और Suzlon ने मिलाया हाथ

• Suzlon को TATA GROUPसे मिला 20 MW का पहला बड़ा ऑर्डर

• Suzlon की गुजरात से तमिलनाडु तक पुरानी टर्बाइनों पर नजर

बिजली उत्पादन बढ़ाने की तैयारी, Suzlon को मिला देश का पहला बड़ा रिपावरिंग प्रोजेक्ट

• 15 साल पुरानी टर्बाइनों का होगा कायाकल्प, Suzlon अब पुरानी चक्कियों से बनवाएगी ज्यादा बिजली

TATA GROUP का 20 MW दांव, Suzlon के लिए खुला 25 GW का रास्ता

पुणे: भारत में पवन ऊर्जा क्षेत्र को नई रफ्तार मिलने की उम्मीद है। Suzlon Energy को देश के पहले बड़े विंड रिपावरिंग प्रोजेक्ट के तहत TATA GROUPसे 20 मेगावाट का ऑर्डर मिला है। इस परियोजना के साथ देश में पुरानी और कम बिजली बनाने वाली पवन टर्बाइनों को आधुनिक मशीनों से बदलने की पहल आगे बढ़ती दिखाई दे रही है। Suzlon के ग्रुप CEO अजय कपूर के मुताबिक, यह ऑर्डर आकार में छोटा जरूर है, लेकिन कंपनी और देश के लिए इसकी संभावनाएं काफी बड़ी हैं। कंपनी की नजर इस क्षेत्र में करीब 25 गीगावाट के अवसर पर है।

विंड रिपावरिंग का मतलब है पुरानी पवन चक्कियों की जगह नई और अधिक क्षमता वाली टर्बाइन लगाना। नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय (MNRE) की राष्ट्रीय विंड रिपावरिंग नीति के अनुसार, 2 मेगावाट से कम क्षमता वाली, 15 साल से अधिक पुरानी, अपनी तय कामकाजी अवधि पूरी कर चुकी या मौजूदा नियमों के अनुरूप नहीं रहने वाली टर्बाइनों को बदला जा सकता है। नई मशीनों से सालाना बिजली उत्पादन कम से कम 1.5 गुना बढ़ाने का लक्ष्य रखा गया है।

Suzlon के ग्रुप CEO अजय कपूर का कहना है कि पहला ऑर्डर छोटा है, लेकिन देश में रिपावरिंग की संभावनाएं बहुत बड़ी हैं। कंपनी के सह-संस्थापक और उपाध्यक्ष गिरीश टांटी के मुताबिक, भारत में इस क्षेत्र में तेजी से रुचि बढ़ रही है। Suzlon गुजरात, कर्नाटक, तमिलनाडु और महाराष्ट्र में रिपावरिंग परियोजनाओं पर काम करने की तैयारी कर रही है। गुजरात और कर्नाटक में एक-एक परियोजना इसी साल शुरू करने की योजना है।

Suzlon ग्राहकों को रिपावरिंग के लिए तीन विकल्प दे रही है। पहले विकल्प में मौजूदा टर्बाइन में पावर बूस्टर लगाकर उसकी काम करने की अवधि पांच साल तक बढ़ाई जा सकती है। दूसरे विकल्प में पुरानी नींव और टावर को बरकरार रखते हुए मशीन के मुख्य हिस्से और पंखों को बदला जाएगा। इससे बिजली उत्पादन करीब 50 प्रतिशत बढ़ाने का लक्ष्य है।

तीसरे विकल्प में पुरानी मशीन के पूरे ढांचे को हटाकर उसकी जगह बड़ा टावर और नई टर्बाइन लगाई जाएगी। इससे पुराने प्रोजेक्ट को आधुनिक तकनीक के साथ दोबारा तैयार करने का मौका मिलेगा।

MNRE ने तीन साल पहले राष्ट्रीय विंड रिपावरिंग नीति घोषित की थी। हाल ही में केंद्रीय विद्युत प्राधिकरण (CEA) ने पुरानी पवन परियोजनाओं के लिए मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) भी जारी की है।