आंध्र में EMotorad लगाएगी ई-साइकिल फैक्ट्री, Kuppam बनेगा ई-मोबिलिटी हब

आंध्र में EMotorad लगाएगी ई-साइकिल फैक्ट्री, Kuppam बनेगा ई-मोबिलिटी हब

ग्रीन सिटी मिशन को रफ्तार, हजारों लोगों को नौकरी मिलने की उम्मीद
• रोजगार, निवेश और ग्रीन मोबिलिटी… Kuppam को मिलेगी नई पहचान

भारत की प्रमुख इलेक्ट्रिक साइकिल निर्माता कंपनी EMotorad आंध्र प्रदेश के कुप्पम (Kuppam) में अपना नया मैन्युफैक्चरिंग प्लांट स्थापित करेगी। इसके लिए कंपनी ने आंध्र प्रदेश सरकार के साथ समझौता (MoU) किया है। सरकार ने कंपनी को प्लांट लगाने के लिए 7 एकड़ जमीन आवंटित की है। यह परियोजना राज्य की ग्रीन सिटी पहल का हिस्सा है, जिसका उद्देश्य पर्यावरण के अनुकूल विकास और स्वच्छ परिवहन को बढ़ावा देना है।
यह नया प्लांट कुप्पम एरिया डेवलपमेंट अथॉरिटी (KADA) और आईआईटी कानपुर के सहयोग से विकसित किए जा रहे बड़े प्रोजेक्ट का हिस्सा होगा। कंपनी का कहना है कि इस फैक्टरी से न सिर्फ इलेक्ट्रिक साइकिलों का उत्पादन बढ़ेगा, बल्कि स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे। इससे क्षेत्र के आर्थिक विकास को भी गति मिलेगी।
EMotorad के सह-संस्थापक और सीईओ कुणाल गुप्ता ने कहा कि कुप्पम कंपनी के लिए खास महत्व रखता है। इसी शहर में कंपनी ने इस साल इलेक्ट्रिक साइकिल से जुड़ा विश्व रिकॉर्ड बनाया था। अब कंपनी यहां स्थायी निवेश कर स्थानीय लोगों के लिए रोजगार, बेहतर बुनियादी ढांचा और स्वच्छ परिवहन को बढ़ावा देना चाहती है। उन्होंने आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू का भी आभार जताया, जिनकी ग्रीन सिटी पहल के तहत यह परियोजना आगे बढ़ रही है।
नई फैक्ट्री शुरू होने के बाद EMotorad की उत्पादन क्षमता में बड़ा इजाफा होगा। कंपनी यहां ऐसी किफायती इलेक्ट्रिक साइकिलों का निर्माण करेगी, जिन्हें आम लोग, छात्र, ऑफिस आने-जाने वाले, फिटनेस पसंद करने वाले और एडवेंचर राइडर आसानी से खरीद सकेंगे। कंपनी का मानना है कि इससे आंध्र प्रदेश ही नहीं, पूरे देश में इलेक्ट्रिक साइकिलों की पहुंच और बढ़ेगी।
ग्रीन सिटी पहल के तहत कुप्पम को सस्टेनेबल डेवलपमेंट का मॉडल शहर बनाने की योजना है। इसी वजह से इस परियोजना में Mother Dairy, Adidas और Hindalco जैसी बड़ी कंपनियां भी शामिल हैं। EMotorad का नया प्लांट इस पहल में ई-मोबिलिटी, घरेलू विनिर्माण और रोजगार सृजन को एक साथ जोड़ने वाली अहम परियोजनाओं में शामिल होगा।
साल 2020 में शुरू हुई EMotorad आज भारत की सबसे बड़ी इलेक्ट्रिक साइकिल कंपनियों में गिनी जाती है। कंपनी के देशभर में 800 से अधिक डीलरशिप हैं और उसके उत्पाद 18 से ज्यादा देशों में बेचे जाते हैं।