हीरो मोटोकॉर्प का अगस्त में प्रदर्शन दमदार, स्कूटरों की बिक्री में 43% उछाल

हीरो मोटोकॉर्प का अगस्त में प्रदर्शन दमदार, स्कूटरों की बिक्री में 43% उछाल

• अगस्त में 5.68 लाख दोपहिया डिस्पैच, रिटेल बिक्री 19% बढ़ी

• Hero MotoCorp की अगस्त में मजबूत पकड़, VIDA की रिटेल ग्रोथ 38%

नई दिल्ली, 1 सितंबर
हीरो मोटोकॉर्प ने अगस्त 2026 में कुल 5,68,398 दोपहिया वाहनों का डिस्पैच किया, जो पिछले साल अगस्त के 5,53,727 यूनिट के मुकाबले करीब 2.7% अधिक है। कंपनी के रिटेल कारोबार में भी मजबूत तेजी बनी रही और VAHAN के आंकड़ों के अनुसार खुदरा बिक्री में 19% की सालाना वृद्धि दर्ज की गई। कंपनी के मुताबिक त्योहारी सीजन शुरू होने से पहले मांग मजबूत बनी हुई है।
अगस्त में कंपनी की सबसे बड़ी खासियत स्कूटरों की तेजी रही। स्कूटर डिस्पैच 74,547 यूनिट रहा, जो पिछले साल के 52,204 यूनिट से करीब 43% ज्यादा है। इसके मुकाबले 4,93,851 मोटरसाइकिल भेदी गईं, जो पिछले साल के 5,01,523 यूनिट से थोड़ा कम है। कुल बिक्री में बढ़ोतरी का बड़ा आधार स्कूटर सेगमेंट रहा।
इलेक्ट्रिक मोबिलिटी कारोबार VIDA ने भी मजबूत प्रदर्शन किया। अगस्त में VIDA ने 25,558 यूनिट डिस्पैच किए और VAHAN रिटेल में 38% की वृद्धि दर्ज की। कंपनी ने इस दौरान 3.1 kWh फिक्स्ड बैटरी वाले VIDA VX2 Go को लॉन्च किया। VIDA ने तमिलनाडु प्रीमियर लीग में VIDA Kovai Kings की टाइटल पार्टनरशिप भी हासिल की। NOVUS सीरीज और VIDA Dirt.E MX7 को Red Dot Design Concept Awards मिले, जबकि ब्रैंड को दो SAMMIE Awards भी मिले।
हीरो मोटोकॉर्प के घरेलू ICE कारोबार ने अगस्त में 5,16,747 यूनिट डिस्पैच किए और VAHAN रिटेल में 18% की वृद्धि दर्ज की। Splendor और नई Passion की मांग मजबूत रही, जबकि Glamour X और अपडेटेड Super Splendor XTEC 2.0 ने भी पोर्टफोलियो को मजबूती दी। Destini और Xoom सीरीज ने स्कूटर बाजार में अपनी पकड़ बनाए रखी। Glamour X 125 को ABP Network Auto Awards में ‘Commuter of the Year’ चुना गया।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में कंपनी ने अगस्त में 26,093 यूनिट डिस्पैच किए। बांग्लादेश में XPulse 200 4V और XPulse 200 4V Pro लॉन्च किए गए। कंपनी ने प्रीमियम सेगमेंट पर फोकस बढ़ाते हुए अनुज दुआ को चीफ बिजनेस ऑफिसर- प्रीमियम सेगमेंट नियुक्त किया है।
वित्त वर्ष 2026-27 के शुरुआती पांच महीनों में हीरो मोटोकॉर्प का कुल डिस्पैच 27,79,127 यूनिट पहुंच गया है, जबकि पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि में यह 23,70,552 यूनिट था। इस तरह अब तक कंपनी की कुल बिक्री में करीब 17.2% की वृद्धि हुई है। इनमें मोटरसाइकिल की बिक्री 24,46,671 और स्कूटर की 3,32,456 यूनिट रही।