• Hero ने विदेश में खोला नया मोर्चा, VELOSA बनी साझेदार; ग्राहकों को मिलेगा 5 साल का भरोसा
• एल साल्वाडोर में Hero का नया अवतार, बिक्री से सर्विस तक पूरा नेटवर्क मजबूत
नई दिल्ली/सैन साल्वाडोर। Hero MotoCorp ने मध्य अमेरिकी बाजार में अपनी पकड़ मजबूत करने की बड़ी तैयारी की है। कंपनी ने एल साल्वाडोर में अपने कारोबार के विस्तार के लिए VELOSA के साथ रणनीतिक साझेदारी की है। इसके तहत VELOSA देश में Hero MotoCorp के बिक्री, सर्विस और ग्राहक सहायता नेटवर्क को मजबूत करेगी। कंपनी ने शुरुआत 30 से ज्यादा अधिकृत डीलरों के नेटवर्क के साथ की है। इसके अलावा सैन साल्वाडोर में Hero का फ्लैगशिप स्टोर और दो नए आउटलेट भी शुरू किए गए हैं।
इस साझेदारी के तहत VELOSA ने Calle El Progreso पर Hero MotoCorp का फ्लैगशिप स्टोर शुरू किया है। इसके साथ Metrocentro San Salvador और Plaza Mundo Soyapango में दो और आउटलेट खोले गए हैं। Hero MotoCorp के लिए एल साल्वाडोर नया बाजार नहीं है। कंपनी पिछले 13 वर्षों से यहां मौजूद है और इस दौरान करीब 50,000 ग्राहकों तक पहुंच बना चुकी है। Hunk और Xpulse जैसे मॉडल इस बाजार में कंपनी की पहचान मजबूत करने में अहम रहे हैं।
कंपनी का कहना है कि VELOSA के साथ नई साझेदारी उसके लिए एल साल्वाडोर में विकास के अगले चरण की शुरुआत है। एल साल्वाडोर में Hero का Calle El Progreso फ्लैगशिप स्टोर, Hero Merliot और Santa Ana सेंटर बिक्री के साथ आफ्टर-सेल्स और जेनुइन पार्ट्स की सुविधा देंगे।
वहीं Metrocentro San Salvador और Plaza Mundo Soyapango के नए आउटलेट मुख्य रूप से मोटरसाइकिलों की बिक्री पर केंद्रित होंगे। ग्राहकों के भरोसे को मजबूत करने के लिए Hero MotoCorp ने एल साल्वाडोर में उपलब्ध अपने पूरे पोर्टफोलियो पर पांच साल या 60,000 किलोमीटर, जो भी पहले हो, की वारंटी देने की घोषणा की है। इसके साथ ग्राहकों को चार मुफ्त चेक-अप भी मिलेंगे।
VELOSA के पास क्षेत्रीय ऑटोमोबाइल कारोबार और डिस्ट्रीब्यूशन का अनुभव है। कंपनी अब इसी अनुभव का इस्तेमाल Hero MotoCorp के नेटवर्क को एल साल्वाडोर में आगे बढ़ाने के लिए करेगी।
करीब 5 अरब डॉलर के राजस्व वाली कंपनी की मौजूदगी एशिया, अफ्रीका, यूरोप तथा मध्य और लैटिन अमेरिका समेत 53 देशों में है।
