47.99 लाख की Honda ZR-V लॉन्च, शुरुआती दो बैच बुक, डिलिवरी शुरू

47.99 लाख की Honda ZR-V लॉन्च, शुरुआती दो बैच बुक, डिलिवरी शुरू

नई दिल्ली। Honda Cars India ने अपनी नई प्रीमियम हाइब्रिड SUV Honda ZR-V e:HEV को इंडियन मार्केट में 47.99 लाख रुपये (एक्सशोरूम-दिल्ली) की शुरुआती कीमत पर लॉन्च कर दिया है। कंपनी ने 25 जुलाई से इसकी डिलीवरी भी शुरू कर दी है। इंडिया के लिए आई पहली दो खेप पूरी तरह बुक हो चुकी हैं। यह SUV जापान से CBU (Completely Built Unit) के रूप में आयात की जा रही है।

Honda ZR-V को कंपनी के दमदार 2.0-लीटर e:HEV स्पोर्ट्स हाइब्रिड सिस्टम से लैस किया गया है। यह सिस्टम 184 PS की पावर और 315 Nm का टॉर्क देता है। इंजन e-CVT गियरबॉक्स से जुड़ा है और जरूरत के अनुसार Electric, Hybrid और Engine Drive मोड में खुद ही काम करता है। कंपनी का दावा है कि यह SUV 22.8 किमी प्रति लीटर तक का माइलेज देती है। 0 से 100 किमी/घंटा की रफ्तार सिर्फ 7.9 सेकंड में पकड़ लेती है।

कार में लग्जरी और आरामदायक केबिन मिलेगा। इसमें 9-इंच की बड़ी टचस्क्रीन है जिससे म्यूजिक, नेविगेशन और कार की कई सेटिंग्स कंट्रोल की जा सकती हैं। वायरलेस Android Auto और Apple CarPlay से बिना केबल लगाए अपने स्मार्टफोन को कार से जोड़ सकते हैं। फोन की कॉल, मैप्स और म्यूजिक स्क्रीन पर चलेंगे। ड्राइवर के सामने डिजिटल स्क्रीन होती है, जिसमें स्पीड, माइलेज, फ्यूल और दूसरी जरूरी जानकारी दिखाई देती है।

इसमें 12-स्पीकर Bose साउंड सिस्टम मिलता है। वायरलेस फोन चार्जर से फोन को चार्ज करने के लिए केबल लगाने की जरूरत नहीं पड़ती। 60:40 स्प्लिट रियर सीट है। पीछे की सीट का एक हिस्सा या पूरी सीट मोड़ सकते हैं, जिससे ज्यादा सामान रखने की जगह बन जाती है। 1,313 लीटर बूट स्पेस मिलता है। पीछे की सीटें फोल्ड करने पर काफी बड़ा लगेज स्पेस मिल जाता है, जो लंबी यात्रा या बड़े सामान के लिए उपयोगी है। 8 एयरबैग दुर्घटना के समय ड्राइवर और यात्रियों को बेहतर सुरक्षा देते हैं। 360-डिग्री कैमरे से कार के चारों तरफ का सीन स्क्रीन पर दिखता है, जिससे पार्किंग आसान हो जाती है।

Honda ZR-V चार रंगों, Twilight Mist Black Pearl, Meteoroid Gray Metallic, Platinum White Pearl और Crystal Black Pearl में उपलब्ध है। कंपनी इस SUV पर 3 साल की अनलिमिटेड किलोमीटर वारंटी दे रही है, जिसे बढ़ाकर 7 साल तक किया जा सकता है। हाइब्रिड बैटरी पर 8 साल या 1.60 लाख किलोमीटर और हाइब्रिड सिस्टम के अन्य पार्ट्स पर 5 साल या 1 लाख किलोमीटर की वॉरंटी मिलेगी।