नई दिल्ली : Hyundai अपनी लोकप्रिय प्रीमियम हैचबैक i20 की चौथी पीढ़ी (4th Generation) को लॉन्च करने की तैयारी में है। कंपनी ने नई i20 का दूसरा टीज़र जारी किया है, जिसमें कार के फ्रंट और रियर डिजाइन की कई अहम झलकियां सामने आई हैं। नई i20 पहले से कहीं ज्यादा फ्यूचरिस्टिक, स्पोर्टी और प्रीमियम नजर आ रही है। टीज़र में सबसे ज्यादा ध्यान खींचने वाली चीज इसकी नई लाइटिंग डिजाइन है।
Hyundai ने कार के फ्रंट में पूरी चौड़ाई में फैली Connected LED Light Bar दी है, जो दोनों तरफ की लाइट्स को आपस में जोड़ती है। इसके साथ Y-शेप LED DRLs दिए गए हैं, जो इसे बेहद आकर्षक और हाई-टेक लुक देते हैं। यह डिजाइन कुछ हद तक Lamborghini Revuelto जैसी सुपरकारों की याद दिलाती है।
फ्रंट बंपर के नीचे अलग से प्रोजेक्टर LED हेडलैंप लगाए गए हैं, जिससे कार का चेहरा पहले से ज्यादा आक्रामक और मॉडर्न नजर आता है। Hyundai ने साफ कर दिया है कि नई i20 केवल फेसलिफ्ट नहीं बल्कि पूरी तरह बदला हुआ मॉडल होगी। पीछे की तरफ भी कंपनी ने Connected LED Tail Lamps दिए हैं। दोनों तरफ बूमरैंग स्टाइल LED एलिमेंट्स कार को रात में बेहद अलग पहचान देंगे। यह डिजाइन कार को ज्यादा चौड़ा और प्रीमियम दिखाने का काम करता है।
नई i20 का साइड प्रोफाइल भी पूरी तरह बदला हुआ दिखाई देता है। कार अब पहले की तुलना में ज्यादा सीधी, मस्कुलर और SUV जैसी स्टांस के साथ नजर आएगी। विंडो लाइन, रूफ डिजाइन और बॉडी पर शार्प कट्स इसे ज्यादा दमदार रोड प्रेजेंस देंगे। Hyundai का लक्ष्य है कि हैचबैक की कॉम्पैक्ट साइज बरकरार रखते हुए इसे SUV जैसा मजबूत लुक दिया जाए।
इंटीरियर में भी बड़े बदलाव देखने को मिल सकते हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक इसमें नया Curved Dual-Screen Setup मिलेगा, जिसमें डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर और इंफोटेनमेंट स्क्रीन एक ही पैनल में दिखाई दे सकती हैं। इसके अलावा 360-डिग्री कैमरा, लेवल-2 ADAS, नया कनेक्टेड कार सिस्टम और कई प्रीमियम फीचर्स मिलने की उम्मीद है। इंडियन मार्केट में मौजूदा 1.2-लीटर पेट्रोल इंजन जारी रह सकता है। वहीं i20 N Line में 1.0-लीटर टर्बो पेट्रोल इंजन मिलने की संभावना है। अंतरराष्ट्रीय बाजारों में कंपनी हाइब्रिड पावरट्रेन का विकल्प भी पेश कर सकती है। Hyundai इस नई i20 को 2026 FIFA World Cup के दौरान ग्लोबल लेवल पर पेश कर सकती है। इंडिया भी इस कार के प्रमुख बाजारों में शामिल होगा। ऐसे में नई i20 आने वाले समय में प्रीमियम हैचबैक सेगमेंट में एक बार फिर बड़ा मुकाबला खड़ा कर सकती है।
